भाजपा की जीत के बाद दिल्लीवालों को क्या-क्या मिलेगा मुफ्त; बिजली-पानी का क्या होगा
1 min read
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में धमाकेदार जीत हासिल की है। पार्टी ने चार दर्जन सीटों पर कमल खिलाकर करीब 26 साल बाद सत्ता में वापसी की है। दिल्ली के दंगल में जीत हासिल करने के लिए आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने कई बड़े वादे किए थे। अब भाजपा की जीत के बाद नजरें इस बात पर होंगी कि भाजपा अपने संकल्प पत्र में किए वादों को कब और कैसे पूरा करती है। भाजपा ने गरीब महिलाओं को सस्ते और साल में दो मुफ्त सिलेंडर, केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा देने का वादा किया है। महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए देने की घोषणा भी की थी। आइए आपको याद दिला दें भाजपा के संकल्प पत्र की क्या बड़ी बातें हैं।
1. भाजपा ने कहा है कि गरीब महिलाओं को 500 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर दिया जाएगा और होली दीपावली पर साल में दो मुफ्त सिलेंडर भी देगी।
2. गर्भवती महिला को 21000 रुपए और 6 पोषण किट दिया जाएगा।
3. महिलाओं को मासिक 2500 रुपए दिए जाएंगे। इसके लिए ‘महिला समृद्धि योना’ की शुरुआत की जाएगी।
4. पहली कैबिनेट में आयुष्मान भारत योजना को लागू किया जाएगा। इसके तहत 10 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। योजना के तहत सरकारी के साथ प्राइवेट अस्पतालों में भी इलाज करवा सकेंगे।
5. झुग्गी बस्ती में अटल कैंटीन खोले जाएंगे। इनमें 5 रुपए में भरपेट खाने की सुविधा होगी।
6. दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठने वाले छात्रों को 15 हजार रुपए की आर्थिक मदद और एसी चात्रों को तकनीकी और व्यावसायिक कोर्ट के लिए 1000 रुपए की हर महीने मदद मिलेगी।
7. युवाओं को 50 हजार सरकारी नौकरियां और 20 लाख रोजगार और स्वरोजगार के मौके उत्पन्न करने का वादा किया गया है।
8. सभी रिजस्टर्ड श्रमिकों को 3 लाख तक ऋण सुविधा और कौशल एवं उपकरण हेतु 10 हजार रुपए की सहायता प्रदान करेंगे।
9. भाजपा ने कहा है कि बुजुर्गों की रुकी हुई पेंशन चालू की जाएगी। 60+ के बुजुर्गों की पेंशन 2 हजार से बढ़ाकर 2500 की जाएगी। 70+ के बुजुर्गों को 3000 रुपए देने का वादा किया गया है, अभी इन्हें 2500 रुपए मिलते हैं।
10. KG से पीजी तक की शिक्षा मुफ्त देने का वादा किया गया है।
मुफ्त बिजली, पानी और मुफ्त बस सफर का क्या होगा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली चुनाव प्रचार के दौरान कई बार मंचों से वादा किया कि भाजपा कि सरकार आने पर मौजूदा जनकल्याणकारी योजनाओं को जारी रखा जाएगा। भाजपा और पीएम मोदी की ओर से यह जवाब केजरीवाल की उन आशंकाओं की काट में आया था जिसमें वह कहते थे कि भाजपा की सरकार आने पर मुफ्त बिजली, पानी और मुफ्त बस सफर जैसी सुविधाओं को बंद कर दिया जाएगा। भाजपा साफ कर चुकी है कि वह इन योजनाओं को बंद नहीं करेगी। इसका मतलब है कि दिल्ली में 200 यूनिट मुफ्त बिजली और 20 हजार लीटर मुफ्त पानी की सुविधा मिलती रहेगी। महिलाओं को मुफ्त बस सफर का लाभ भी मिलेगा।