अपहरण मामले में रूधौली पुलिस को मुकदमा पंजीकृत करने का आदेश
1 min read
जी. पी. दुबे
शनिवार को रूधौली थाना क्षेत्र के करमहिया निवासी दिनेश कुमार उपाध्याय के कथित अपहरण मामले में आवेदिका नीलम के प्रार्थना पत्र पर एसीजेएम प्रथम ने रूधौली थाने को आदेशित किया है कि मामले में प्रथम सूचना रिपोर्ट पंजीकृत कर विधि अनुसार विवेचना करते हुये अनुपालन आख्या न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करें। दिनेश कुमार उपाध्याय की भाभी नीलम ने एसीजेएम प्रथम के न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर कहा है कि उसका देवर दिनेश ग्राम प्रधान महेन्द्र सिंह के चंगुल में है। उसकी सम्पत्ति का बैनामा कराकर उसके देवर के साथ कोई भी कृत्य हत्या तक किया जा सकता है।
दिनेश कुमार उपाध्याय की भाभी नीलम पत्नी देवेन्द्र कुमार उपाध्याय ने प्रार्थना पत्र में कहा है कि उसके देवर दिनेश कुमार उपाध्याय मंद बुद्धि के हैं उसका अपहरण कर उसके हिस्से की सारी जायदाद बिकवाकर कुछ लोग उसे गायब करा देना चाहते हैं।
करमहिया निवासिनी नीलम ने प्रार्थना पत्र में कहा है कि उसके पति देवेन्द्र कुमार उपाध्याय की तबियत काफी खराब रहती है उसके देवर दिनेश कुमार उपाध्याय कम बुद्धि के है अकसर घर से बिना बताये चले जाया करते थे तथा किसी प्रकार उनको खोज कर घर लाया जाता था। कोरोना काल के पूर्व उसके देवर दिनेश कुमार उपाध्याय पुत्र रामशब्द बिना घर पर बताये चले गये तथा कोरोना में देश व्यापी बन्दी के कारण वापस नही आ सके। उनकी खोजबीन रिश्तेदारी एवम जान पहचान के माध्यम से करती रही परन्तु कुछ पता नही चला।
नीलम के इस प्रार्थना पत्र पर एसीजेएम प्रथम ने धारा 156 (3) के तहत स्वीकार कर रूधौली थाने को आदेशित किया है कि मामले में प्रथम सूचना रिपोर्ट पंजीकृत कर विधि अनुसार विवेचना करते हुये अनुपालन आख्या न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करें।