देश बचाना है तो मोदी को खत्म करो, राजस्थान के कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर रंधावा का बयान
1 min readराजस्थान के कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर रंधावा ने मोदी सरकार पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मोदी को खत्म कर दिया जाए तो अडानी खुद खत्म हो जाएगा। उन्होंने नेताओं को फूट खत्म करने की नसीहत दी।
राजस्थान के कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर रंधावा ने सोमवार को मोदी सरकार पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने इस दौरान उद्योगपति अंबानी-अडानी को लेकर भी कई तीखी बातें कहीं और कहा कि कांग्रेस की सरकार बनी तो इन्हें जेल में डाल दिया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को आपसी मतभेद भुलाकर ‘मोदी को खत्म’ करने पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने मंच से कहा, ‘अपनी लड़ाई खत्म करो, मोदी को खत्म करने की बात करो। अगर मोदी खत्म हो गया तो हिन्दुस्तान बच जाएगा। अगर मोदी रहा तो हिन्दुस्तान खत्म हो जाएगा।’
अडानी और केंद्र की नीतियों के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन और राजभवन घेराव के दौरान रंधावा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री रंधावा ने कहा, ‘ईस्ट इंडिया कंपनी भारत में व्यापार करने आई थी। ईस्ट इंडिया कंपनी ने पूरे हिन्दुस्तान को कंगाल कर दिया। मोदी अडानी को ईस्ट इंडिया कंपनी बनाकर हिन्दुस्तान में लाया है। हिन्दुस्तान का सत्यानाश करेगा। दोबारा हिन्दुस्तान गुलामी की तरफ बढ़ रहा है। हम पंजाब में रहते हैं आपका भी बॉर्डर है, हमें पता है पाकिस्तान क्या कर रहा है, चीन क्या कर रहा है। मोदी कहता है घुसकर मारेंगे, वह तो हर दिन आ रहा है। कैसे करना है यह अडानी तय करता है, मोदी नहीं तय करता।’