Prakash veg

Latest news uttar pradesh

शख्सियत- देवरिया का पखावज पागल “पागलदास”

“जिसने तबले के दौर में पखावज को मंदिर में फिर से बैठा दिया, और कहा – समझदारी से नौकरी मिलती है, पागलपन से इतिहास बनता है।”
डॉ. विवेकानंद उपाध्याय
वरिष्ठ स्तंभकार, (देवरिया)

ताल के बिना संगीत अधूरा है, और पखावज के बिना ताल का इतिहास अधूरा है। जब-जब पखावज की बात आएगी, देवरिया की माटी में जन्मा एक नाम पूरी विनम्रता से याद आएगा – स्वामी पागलदास।
रामशंकर दास से स्वामी पागलदास बनने की यह यात्रा बड़ी रोचक है। 15 अगस्त 1920 को देवरिया जनपद के मझौली गाँव में जन्मे रामशंकर को स्कूली शिक्षा नसीब नहीं हुई, पर नाद की शिक्षा उन्हें भरपूर मिली। बचपन से ही उन्हें ढोलक, मृदंग और मंदिर की घंटियों की आवाज खींचती थी। जहाँ कहीं कीर्तन होता, भजन होता, वे वहीं जा बैठते। माँ-बाप को लगता था लड़का भटक जाएगा, पर वह भटकना ही उसकी साधना बन गया।
इस नाम के पीछे भी एक कहानी है। रामशंकर को पखावज का ऐसा पागलपन था कि वे खाना-पीना, सोना, दुनिया सब भूल जाते थे। घंटों एक ही थाप पर रियाज करते रहते। लोग कहते – “ये लड़का तो पखावज के पीछे पागल हो गया है।” गाँव के लोग उन्हें हँसी में पागल कहने लगे।
फिर जब वे पंडित संतशरण ‘मस्त’ के पास पहुँचे, तो मस्त जी ने उनकी यही दीवानगी देखकर हँसते हुए कहा था – “तू तो सच में पागल है, पखावज का पागल। तू अपने पद ‘पागल’ नाम से ही लिख, दुनिया तुझे इसी नाम से जानेगी।”
उन्होंने गुरु की बात को आशीर्वाद मानकर अपना नाम ही पागलदास रख लिया। वह नाम ऐसा चिपका कि रामशंकर कब पागलदास हो गए, पता ही नहीं चला। बाद में यही पागलपन उनकी पहचान बन गया – ताल का पागल, भक्ति का पागल, गुरु का पागल।
पटना के नेपाल सिंह पिटवांस से लेकर स्वामी भगवानदास, बाबा ठाकुरदास, श्री राम मोहिनी शरण और पंडित संतशरण ‘मस्त’ तक – उन्होंने जहाँ-जहाँ लय सुनी, वहीं गुरु बना लिया। वे किसी एक गुरु के बंधन में नहीं रहे, वे लय के ही शिष्य बन गए।
यह पागलपन कैसा था? तबले के दौर में पखावज के लिए पागलपन। साठ के दशक में जब हर कलाकार तबले की चमक-दमक की ओर भाग रहा था, पागलदास जी ने 1962 में तबला छोड़ने का साहसिक निर्णय लिया। तबला तब फिल्मों में, मंचों पर, महफिलों में छाया हुआ था। उस दौर में तबला छोड़ना मतलब कमाई छोड़ना था। पर उन्होंने कहा – “तबला बाजार का है, पखावज मंदिर का है।” और वे पखावज को फिर से मंदिर में प्रतिष्ठित करने में जुट गए।
वे कुदऊ सिंह घराने और अवधी परंपरा के अंतिम दीप-स्तंभों में से एक थे, उसी परंपरा के जिसके सबसे प्रसिद्ध प्रस्तावक स्वामी हरिदास और बाबा अलाउद्दीन खान रहे हैं। समकालीनों में उनकी तुलना बिस्मिल्लाह खाँ और पन्नालाल घोष जैसे साधकों से की जाती थी। उनकी थाप में वह गंभीरता थी जो ध्रुपद की आत्मा मानी जाती है। वे कहते थे कि पखावज बजाना हाथों का काम नहीं, हृदय का काम है। जब तक हृदय में भक्ति नहीं, तब तक थाप में जान नहीं आती।
पागलदास जी केवल वादक नहीं, संपूर्ण कलाकार थे। वे कई दशकों तक रामलीला मंच के अभिनेता रहे, गायक रहे, कवि रहे और लेखक भी। रामलीला में जब वे हनुमान जी का अभिनय करते तो दर्शक भाव-विभोर हो जाते। उनकी कविताओं में भी वही लय, वही ताल, वही भक्ति झलकती थी। स्वाध्याय के बल पर उन्होंने ‘मृदंग’ तीन भाग और ‘तबला कौमुदी’ तीन भाग जैसे ग्रंथ लिखे, जिन पर आज भी संगीत के छात्र शोध करते हैं। वे कहते थे कि पखावज केवल वाद्य नहीं, ध्रुपद की आत्मा है। उसकी गंभीर गमक में ही ओंकार सुनाई देता है। आकाशवाणी के टॉप ग्रेड कलाकार के रूप में उनकी थाप जब रेडियो पर गूंजती तो लगता जैसे अवध की धरती स्वयं बोल रही हो।
पर उनका सबसे बड़ा काम है – अयोध्या में ‘हनुमत विश्व संगीताश्रम’ की स्थापना। वह आश्रम नहीं, एक गुरुकुल है, जहाँ उन्होंने बिना फीस, बिना भेदभाव के सैकड़ों शिष्यों को तैयार किया। वहाँ कोई अमीर-गरीब का भेद नहीं था, कोई जात-पात नहीं थी। जो सीखना चाहता, उसे वे अपना बेटा मान लेते। उनका मंत्र था – गुरु शिष्य से नहीं, शिष्य गुरु से बड़ा होता है। लखनऊ के खशीराम से लेकर दिल्ली के रामकिशोर दास, हरिद्वार के संतोष दास और इंदौर के संजय आगले तक – उनके शिष्य आज देश-विदेश में पखावज की उसी थाप को जिंदा रखे हैं।
वे शिष्यों को केवल ताल नहीं सिखाते थे, जीवन सिखाते थे। कहते थे – “पहले मन को साधो, फिर पखावज सधेगा।” उनके आश्रम में सुबह 4 बजे उठकर रियाज होता था। पहले भजन, फिर रियाज, फिर सेवा। यही उनकी परंपरा थी।
सम्मान तो उनके पीछे-पीछे चलते थे – ताल विलास, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, मृदंग केसरी, पखावज रत्न, मृदंग मार्तण्ड, संगत सम्राट, तुलसी सम्मान और अवध विश्वविद्यालय की डी.लिट. की मानद उपाधि। पर वे इन सब से ऊपर थे, एक फक्कड़ की तरह, लंगोटी में भी शहंशाह। मंच पर बड़े-बड़े पुरस्कार पाकर भी वे जमीन पर ही बैठते थे। कहते थे – “सम्मान सिर पर नहीं, पैरों में रखना चाहिए, तभी आदमी विनम्र रहता है।”
20 जनवरी 1997 को अयोध्या में जब उन्होंने देह छोड़ी तो लगा जैसे पखावज का एक थाप हमेशा के लिए मौन हो गया। पर नहीं, वह थाप आज भी गूँजती है। हर साल 19-20 जनवरी को उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी हनुमत विश्वकला संगीत आश्रम, अयोध्या में उनकी स्मृति में ध्रुपद समारोह करती है, जहाँ देश भर के पखावजी आकर अपने बाबा को प्रणाम करते हैं।
स्वामी पागलदास हमें सिखाते हैं कि कला में पागलपन जरूरी है। समझदारी से तो नौकरी मिलती है, पागलपन से ही इतिहास बनता है। देवरिया के उस मझौली गाँव से निकला वह पागल आज भी हर पखावज की थाप में जिंदा है। जब तक पखावज बजेगा, तब तक पागलदास जिएँगे।

0Shares