Prakash veg

Latest news uttar pradesh

वैभव सूर्यवंशी : क्रिकेट का नया ‘वंडरबॉय’ वा रिकॉर्ड तोड़ने की मशीन!

शाहिद नकवी
(क्रीड़ा-समीक्षक)

उम्र महज 15 साल,लेकिन तेवर ऐसे कि दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों के भी पसीने छूट जाएं। बिहार के समस्तीपुर से निकले युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी आज क्रिकेट की दुनिया में रिकॉर्ड तोड़ने का दूसरा नाम बन चुके हैं। जिस उम्र में खिलाड़ी जूनियर स्तर पर अपनी पहचान तलाशते हैं, उस उम्र में वैभव ने आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप जीतकर, भारत के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर व टी20 कप्तान बनकर और हाल ही में लिस्ट-ए क्रिकेट में महज 28 गेंदों में शतक व 52 गेंदों में दोहरा शतक (नाबाद 204 रन) जड़कर इतिहास की किताबों को नए सिरे से लिख दिया है।उनकी यह निडर और विस्फोटक बल्लेबाजी न केवल आधुनिक क्रिकेट के बदलते मिजाज की गवाही देती है,बल्कि भारतीय क्रिकेट के एक नए सुपरस्टार के उदय का ऐलान भी करती है।

महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने राइजिंग एशिया कप में यूएई के खिलाफ एक पारी में 28 छक्के लगा कर सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर एक नया विश्व रिकॉर्ड गढ़ दिया। वहीं भारतीय घरेलू टी20 क्रिकेट प्रतियोगिता सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दिल्ली के कप्तान प्रियांश आर्य ने भी एक पारी में छक्कों का रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने तमिलनाडू के खिलाफ अपनी 68 गेंदों पर 181 रनों की पारी में 19 छक्के लगा कर टी20 के क्रिकेट इतिहास में न्यूजीलैंड के फिन एलन के 19 छक्के के रिकार्ड की बराबरी की है।मैं अब लिख रहा हूं कि देश और विदेश में क्रिकेट के मैदान में छक्कों के साथ रिकॉर्ड की बारिश हुई है।
15 वर्षीय युवा भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में यूएई (UAE) के खिलाफ दोहा में एक ऐसी ऐतिहासिक पारी खेली है, जिसने न केवल विश्व क्रिकेट बल्कि भारतीय क्रिकेट के भी लगभग सभी बड़े रिकॉर्ड्स को ध्वस्त कर दिया है। 250 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव ने महज 53 गेंदों में 384.91 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से 204 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इस एक ही पारी के दौरान उन्होंने सीमित ओवरों के क्रिकेट के कई विश्व और भारतीय कीर्तिमान अपने नाम करते हुए दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया।
वैभव ने अपनी आतिशी बल्लेबाजी की शुरुआत करते हुए मात्र 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके तुरंत बाद केवल 28 गेंदों में शतक जड़कर लिस्ट-ए (50-ओवर) क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज़ शतक बनाने का विश्व रिकॉर्ड और भारतीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। विश्व स्तर पर उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क (29 गेंद, 2023) का रिकॉर्ड तोड़ा, जबकि भारतीय रिकॉर्ड के मामले में उन्होंने खुद के ही 36 गेंदों (विजय हजारे ट्रॉफी) के पिछले रिकॉर्ड और यूसुफ पठान (40 गेंद) व अनमोलप्रीत सिंह (35 गेंद) जैसे भारतीय दिग्गजों को बहुत पीछे छोड़ दिया। शतक के बाद भी वैभव की रफ्तार नहीं थमी और उन्होंने महज 52 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा करके एक नया इतिहास रच दिया। यह 50-ओवर क्रिकेट का सबसे तेज़ दोहरा शतक है, जिससे उन्होंने विश्व स्तर पर न्यूजीलैंड के चैड बोवेस (103 गेंद, 2024) और भारतीय स्तर पर एन. जगदीशन (114 गेंद, 2022) के रिकॉर्ड को आधे से भी कम गेंदों में ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही वे 15 वर्ष की उम्र में लिस्ट-ए दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के सबसे युवा बल्लेबाज भी बन गए हैं।
छक्कों की बारिश करते हुए वैभव ने अपनी इस पारी में कुल 28 गगनचुंबी छक्के लगाए, जो किसी भी आधिकारिक लिस्ट-ए (50-ओवर) या टी20 मैच की एक पारी में किसी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सर्वाधिक छक्कों का नया विश्व रिकॉर्ड है। विश्व स्तर पर उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के डार्सी शॉर्ट (23 छक्के, 2018) का कीर्तिमान तोड़ा, वहीं भारतीय क्रिकेट में उन्होंने रोहित शर्मा (16 छक्के, बनाम ऑस्ट्रेलिया 2013) और रुतुराज गायकवाड़ (16 छक्के, विजय हजारे ट्रॉफी) के संयुक्त भारतीय रिकॉर्ड को बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया। इसके अलावा वैभव ने एक ही पारी में सिर्फ बाउंड्री (चौकों और छक्कों) की मदद से 196 रन (28 छक्कों से 168 रन और 7 चौकों से 28 रन) बटोरने का भी अनोखा कारनामा किया। अपनी इस अविश्वसनीय पारी से 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने न केवल भारत-ए को एकतरफा जीत की ओर अग्रसर किया, बल्कि विश्व और भारतीय क्रिकेट में अपनी विस्फोटक प्रतिभा का लोहा भी मनवाया।
वहीं भारत में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी की एक पारी में व्यक्तिगत रूप से सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड प्रियांश आर्य (19 छक्के) के नाम है।दिल्ली के कप्तान प्रियांश आर्य ने 24 नवंबर 2026 को इंदौर में तमिलनाडु के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 68 गेंदों पर 181 रनों की ऐतिहासिक पारी के दौरान यह रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने पुनीत बिष्ट के 17 छक्कों के पिछले टूर्नामेंट रिकॉर्ड को तोड़ा और साथ ही टी20 क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के (19) लगाने के न्यूजीलैंड के फिन एलन के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी भी की है।जब बात सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी की चल रही है तो रेलवे के 23 वर्षीय तेज गेंदबाज जमशेद आलम का जिक्र भी जरूरी है। उन्होंने सौराष्ट्र के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में ही भारतीय क्रिकेट का नया रिकॉर्ड गढ़ दिया है। जमशेद ने चार गेंदों पर लगातार चार विकेट लेकर अपने टी20 डेब्यू मैच में ऐसा करने वाले पहले भारतीय पुरुष क्रिकेटर बन गए हैं। वैसे जमशेद से पहले अभिमन्यु मिथुन और दर्शन नालकंडे भी चार गेंदों पर लगातार चार विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं, लेकिन उनका ये पहला मैच नहीं था।
उधर बिहार के समस्तीपुर जिले से ताल्लुक रखने वाले 15 वर्षीय युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और कम उम्र में बनाए गए ऐतिहासिक विश्व रिकॉर्ड्स के दम पर भारतीय क्रिकेट के सबसे चमकते सितारे बनकर उभरे हैं। 27 मार्च 2011 को जन्मे बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने मात्र चार साल की उम्र में अपने पिता से क्रिकेट के गुर सीखना शुरू किया था और आज वे भारतीय राष्ट्रीय टीम, भारत-ए, बिहार और आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स का प्रमुख हिस्सा हैं।
वैभव का करियर उपलब्धियों और कीर्तिमानों से भरा हुआ है। महज 13 साल की उम्र में राजस्थान रॉयल्स से 1.10 करोड़ रुपये का अनुबंध पाकर आईपीएल इतिहास के सबसे युवा खिलाड़ी बनने के बाद, उन्होंने आईपीएल 2026 में 16 मैचों में 72 छक्कों की मदद से 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप और एमवीपी का खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा वे 2026 आईसीसी अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ (फाइनल में 80 गेंदों पर 175 रन) और 2026 एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम के भी अहम सदस्य रहे हैं। 4 जुलाई 2026 को इंग्लैंड के खिलाफ 15 वर्ष 99 दिन की उम्र में टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू कर वे भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सबसे युवा पुरुष क्रिकेटर बने, वहीं नवंबर 2026 में 15 वर्ष 232 दिन की उम्र में बिहार की कप्तानी करते हुए पुरुष टी20 इतिहास के सबसे युवा कप्तान बने। हाल ही में 24 नवंबर 2026 को एशिया कप राइजिंग स्टार्स में भारत-ए की ओर से यूएई के खिलाफ 28 गेंदों में शतक और 52 गेंदों में दोहरा शतक (कुल 53 गेंदों पर 28 छक्कों सहित नाबाद 204 रन) जड़कर उन्होंने पुरुष लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज शतक और दोहरा शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।
आंकड़ों के लिहाज से भी उनका प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा है, जहां उन्होंने 10 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैचों में 185.53 के स्ट्राइक रेट से 295 रन, आईपीएल के 23 मैचों में 228.95 के स्ट्राइक रेट से 1,028 रन और कुल 45 घरेलू टी20 मैचों में 4 शतकों सहित 1,790 रन बनाए हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट के 15 मैचों में उनके नाम 601 रन दर्ज हैं, जबकि प्रथम श्रेणी क्रिकेट के 11 मैचों में उन्होंने 399 रन बनाए हैं।सफेद गेंद के क्रिकेट में उनकी इस असाधारण सफलता को देखते हुए उनका भविष्य बेहद उज्ज्वल नजर आता है और उन्हें 2027 वनडे विश्व कप तथा 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए भारत के प्रमुख दावेदारों में गिना जा रहा है। साथ ही, कम उम्र में कप्तानी के अनुभव के कारण उन्हें भविष्य के लीडर के रूप में भी देखा जा रहा है। क्रिकेट के कुछ दिवाने और कुछ समिक्षक वैभव की अभी से सचिन तेंदुलकर की तुलना करने लगे हैं,जो ग़लत है।भले ही वैभव सूर्यवंशी आधुनिक क्रिकेट के एक दुर्लभ और विस्फोटक सितारे हैं।लेकिन सचिन तेंदुलकर जैसी महानता के स्तर तक पहुंचने के लिए उन्हें अगले 15-20 वर्षों तक सभी प्रारूपों (विशेषकर टेस्ट क्रिकेट) में निरंतरता दिखानी होगी।
आगामी वर्षों में निरंतर अपेक्षाओं के मानसिक दबाव को संभालने,बढ़ती उम्र के साथ फिटनेस व वर्कलोड प्रबंधन पर ध्यान देने और लाल गेंद (टेस्ट) क्रिकेट में अपनी तकनीक व औसत को निखारने की चुनौती उनके सामने होगी।
यदि वे इन पहलुओं पर खरा उतरते हैं,तो आने वाले दशक में वे भारतीय और विश्व क्रिकेट के कई बड़े बल्लेबाजी रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। सतर्कता और संयम बरतने की बात मै इस लिए कह रहा हूं कि आज से दस साल पहले सन 2016 की जनवरी में मुम्बई में स्कूली क्रिकेट में प्रणव धनवाड़े ने एक पारी में 1009 रन अकेले बना कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था।उस पानी में तब 16 वर्षीय प्रणव ने 129 चौके और 59 छक्के लगाए थे। उसके बाद उनको सकार्शिप के साथ देश के तमाम बड़े क्रिकेटरों की तारीफ मिली थी। लेकिन प्रणव धनवाड़े पर प्रशंसा और अपेक्षाओं का ऐसा दबाव पड़ा कि वह मुम्बई की रणजी ट्रॉफी टीम में भी जगह नहीं बना सके।वह पिछले दस सालों से कभी इंग्लैंड और कभी देश में क्रिकेट खेल कर रणजी के लिए ही कोशिश कर रहे हैं।इसी तरह से घरेलू क्रिकेट में धमाल मचाने वाले मुम्बई के पृथ्वी शॉ भी हैं।पृथ्वी ने 14 साल की उम्र में मुंबई स्कूल क्रिकेट (हैरिस शील्ड) में 546 रन बनाकर सनसनी फैला दी थी और बाद में 18 साल की उम्र में अपने पहले ही टेस्ट मैच में शतक जड़ा था। लेकिन आज वह भारतीय टीम तो छोड़िए मुम्बई रणजी टीम में भी नहीं है।भले ही 15 वर्षीय वैभव ने कम उम्र में डेब्यू करने के सचिन के दशकों पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, लेकिन दोनों के दौर, खेलने की शैली और करियर के पड़ाव में जमीन-आसमान का अंतर है।इसी लिए पूर्व भारतीय कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत और केदार जाधव सहित कई दिग्गजों ने प्रशंसकों से अपील की है कि वैभव की तुलना सचिन से न की जाए। उनके अनुसार, सचिन जैसा दूसरा खिलाड़ी नहीं बन सकता।

0Shares