Prakash veg

Latest news uttar pradesh

कहियो आवऽ ना हमरो मकान चिरई…!

डॉ. विवेकानंद उपाध्याय*
*वरिष्ठ स्तंभकार, (देवरिया)*

*चें-चें… चिर्र-चिर्र… फुर्र…*

यही आवाज थी, जिससे गाँव की सुबह होती थी। सूरज से पहले गौरैया जग जाती थी। जैसे ही माई आँगन में झाड़ू लगाती, गौरैया का झुंड ओसारे की कड़ी से, छप्पर के खपड़े से उड़कर आँगन में उतर आता। छोटी-छोटी, भूरी-भूरी, फुदक-फुदक कर चलने वाली गौरैया। हम बच्चे दरवाजे पर खड़े देखते।

माई जब आँगन में धान सुखाती थी, गेहूं सुखाती थी, तो गौरैया आकर दाना चुगती थी। माई उन्हें भगाती नहीं थी, कहती थी, खा ले बेटी, तोहरे हिस्से का दाना भगवान ने भेजल बा। गौरैया भी बेखौफ होकर धान-गेहूं चुगती थी। दाना हमारा, भूख सबकी।

हम जब आँगन में जाते, तो एक साथ पूरा झुंड फुर्र से उड़ जाता। एक साथ उड़ना, एक साथ बैठना, एक साथ चहचहाना। हम हँसते थे, ताली बजाते थे, गौरैया फिर लौट आती थी। वह जानती थी, यह घर हमारा भी है, तुम्हारा भी है।

गौरैया हमारे घर में ही घोंसला बनाती थी। खपड़े के नीचे, ओसारे की कड़ी में, छत की बल्ली में, घास-फूस, रुई और तिनके लाकर अपना घर बनाती थी। माई मना करती थी, मत छुओ, चिरई रूठ जाएगी। जब बच्चे चें-चें करते, तो माई कहती, देखो, चिरई अपने बच्चों को दाना खिला रही है। वह दृश्य आज भी दिल में चुभता है।

मगर आज गौरैया लुप्त हो रही है। आँगन पक्का हो गया है, छप्पर की जगह लिंटर आ गया है, ओसारा कमरा हो गया है। घोंसले के लिए अब कोई खपड़ा नहीं बचा, कोई कड़ी नहीं बची, कोई बल्ली नहीं बची। घर सीमेंट का हो गया है, दीवारें चिकनी हो गई हैं, दरवाजे बंद हो गए हैं। गौरैया कहाँ घोंसला बनाए, कहाँ अपने बच्चों को पाले। वह आती भी है, तो ठहरती नहीं, रोती हुई उड़ जाती है।

खेतों में जहर छिड़का जाने लगा है। कीड़े मर गए, गौरैया का भोजन छिन गया। आँगन में अब धान-गेहूं नहीं सूखता, चक्की नहीं चलती। जिस चिरई ने कभी हमारा आँगन नहीं छोड़ा, आज उसी चिरई को हमने बेघर कर दिया।

पहले आँगन में जाते ही झुंड उड़ जाता था, अब आँगन में जाने पर सन्नाटा मिलता है। न फुर्र की आवाज, न चहचहाट, न फुदकना। घर बड़ा हो गया है, मगर सूना हो गया है। हमने पक्का मकान पाया है, मगर कच्चा प्यार खो दिया है।

बूढ़ी माई आज भी सुबह उठकर आँगन में थोड़ा दाना डालती है। आँखों में आँसू लिए, उम्मीद लिए, कहती है, शायद आज मेरी चिरई आ जाए। बेटा, एक माटी के सकोरे में पानी रख दे, छज्जे में छोटी सी जगह छोड़ दे, शायद चिरई लौट आए। माई का दाना आज भी आँगन में पड़ा रह जाता है, कोई चुगने नहीं आता। यही तो सबसे बड़ा दुख है।

हर साल 20 मार्च को विश्व गौरैया दिवस मनाया जाता है। हम उस दिन फोटो लगाते हैं, भाषण देते हैं, पोस्ट डालते हैं। मगर अगले दिन फिर भूल जाते हैं। गौरैया को दिवस नहीं चाहिए, उसे घर चाहिए। उसे हमारा आँगन चाहिए, हमारा दाना चाहिए, हमारा प्यार चाहिए।

गौरैया ने कभी हमसे कुछ नहीं माँगा। बस थोड़ा सा दाना, थोड़ा सा पानी, थोड़ी सी जगह। अगर आज भी हम घर की एक खिड़की, एक कोना उसके लिए छोड़ दें, आँगन में एक सकोरा पानी रख दें, तो गौरैया फिर लौट आएगी। फिर आँगन में धान-गेहूं चुगेगी, फिर घोंसला बनाएगी।

आओ, प्रण लें कि हम अपने मकान को फिर से घर बनाएँगे। ऐसा घर, जहाँ गौरैया फिर से चहचहाए, जहाँ माई फिर उसके लिए दाना डाले। क्योंकि जिस घर में गौरैया नहीं, उस घर में बरकत नहीं। और अंत में दिल की गहराई से बस यही पुकार निकलती है – *कहियो आवऽ ना हमरो मकान चिरई…!*

0Shares