Prakash veg

Latest news uttar pradesh

रंगोली में चमकीं शेफाली उपाध्याय-आराध्या वर्मा, मिली साइकिल

बरहज। देव दीपावली के पावन अवसर पर सरयू घाट बरहज पर नगर पालिका परिषद गौरा बरहज द्वारा भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सरयू तट पर जनसैलाब उमड़ पड़ा था। प्रतियोगिता में बरहज नगर के सभी स्कूल-कॉलेजों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में प्रत्येक संस्थान के दो-दो प्रतिभागियों को साइकिल देकर पुरस्कृत किया गया।
नगर पालिका परिषद गौरा बरहज की अध्यक्ष श्रीमती श्वेता जायसवाल ने सभी विजेता प्रतिभागियों को माला पहनाकर और साइकिल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
कृष्णा एकेडमी बरहज की कक्षा-7 की छात्राओं शेफाली उपाध्याय और आराध्या वर्मा ने अपनी सुंदर रंगोली से सभी का मन मोह लिया। दोनों को बरहज नगर पालिका परिषद की चेयरमैन श्रीमती श्वेता जायसवाल ने साइकिल देकर पुरस्कृत किया। पुरस्कार पाकर दोनों छात्राएं खुशी से खिल उठीं।
इस पावन बेला पर श्रद्धालुओं ने सरयू में दीपदान कर ईश्वर के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। सैकड़ों दीपों की लौ सरयू की लहरों पर तैरती हुई ऐसी प्रतीत हो रही थी, मानो आकाश के तारे धरती पर उतर आए हों। हर तरफ दीपों की जगमगाहट से पूरा घाट आलोकित हो उठा था।
भजन-कीर्तन से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। हर-हर महादेव, जय सरयू माता की जयघोष से सरयू तट गूंज उठा। श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्म की त्रिवेणी में डूबकर हर मन आनंद और शांति से भर गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्रीमती श्वेता जायसवाल ने कहा कि देव दीपावली केवल दीपों का पर्व नहीं है, बल्कि यह अंधकार पर प्रकाश की विजय, संस्कार और संस्कृति का पर्व है। देव दीपावली हमें अपनी परंपराओं से जोड़ती है और समाज को एक सूत्र में पिरोती है। सरयू के तट पर दीपों की रोशनी और बच्चों की रंगोली ने आज बरहज को जगमगा दिया है।
उन्होंने कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। रंगोली जैसी सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा को निखारती हैं। नगर पालिका आगे भी ऐसे कार्यक्रमों को बढ़ावा देती रहेगी, ताकि बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता रहे।
इस रंगोली प्रतियोगिता में कृष्णा एकेडमी बरहज, जी.एम. एकेडमी बरहज, हर्ष चंद इंटर कॉलेज, बी.आर.डी. बी.डी. महिला महाविद्यालय, श्री चंद जी महाराज, ज़ेनिथ स्कूल सहित बरहज नगर के सभी स्कूल-कॉलेजों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में पीठाधीश्वर अंजनेयदास, सभासद रतन सोनकर, ईओ नगर पालिका परिषद, रामधनी गौण, इंद्रजीत उपाध्याय, हरिशंकर चौरसिया, रामेश्वर यादव, रमेश तिवारी, विजयकांत मिश्र, भाजपा नेता संजय सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन शंभूदयाल भारती ने किया।

0Shares