Prakash veg

Latest news uttar pradesh

उत्तर प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी: 7 महीने में करीब 19 लाख वोटर्स बढ़े, इस दिन आएगी फाइनल लिस्ट

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत नई वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट मंगलवार को जारी कर दिया गया है, जिसमें कुल 19 लाख नए मतदाताओं की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

सीईसी नवदीप रिणवा के मुताबिक, अप्रैल 2026 में प्रदेश में 13.39 करोड़ मतदाता थे, जो सात महीने बाद बढ़कर 13.58 करोड़ हो गए। यानी इस अवधि में 18.84 लाख मतदाताओं की बढ़ोतरी दर्ज हुई। इनमें 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 11.83 लाख नए मतदाता शामिल हैं।

जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, इस बार महिला मतदाताओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ते हुए सबसे अधिक पंजीकरण कराया है। सूची में करीब 10 लाख 96 हजार महिला मतदाता और 7 लाख 87 हजार पुरुष मतदाता नए जुड़े हैं।

अब राज्य में पुरुष मतदाताओं की कुल संख्या 7.38 करोड़ और महिला मतदाताओं की संख्या 6.20 करोड़ पहुंच गई है। निर्वाचन आयोग द्वारा इस ड्राफ्ट सूची पर दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद आगामी 4 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची (फाइनल वोटर लिस्ट) का प्रकाशन किया जाएगा।

साथ ही यूपी में करीब 4,042 थर्ड जेंडर वोटर दर्ज किए गए हैं। अब प्रदेश में जेंडर रेशियो 840 का हो गया है।

0Shares