Prakash veg

Latest news uttar pradesh

अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी मामले में टिन्नू को फिलहाल राहत नहीं, हाईकोर्ट ने मांगा जवाब

लखनऊ, विधि संवाददाता। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच से राम जन्मभूमि चंदा चोरी मामले के मुख्य अभियुक्त राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू को फिलहाल राहत नहीं मिली है। हाईकोर्ट ने टिन्नू यादव की जमानत याचिका पर जवाब मांगा है। न्यायालय ने उसकी जमानत याचिका पर जवाब देने के लिए राज्य सरकार को दो सप्ताह का समय देते हुए मामले की अगली सुनवाई के लिए 4 दिसंबर की तिथि नियत की है।

यह आदेश न्यायमूर्ति राजीव भारती की एकल पीठ में अभियुक्त की जमानत याचिका पर दिया है। सुनवाई के दौरान अभियुक्त की ओर से मामले को पास ओवर करने की मांग की गई। हालांकि राज्य सरकार की ओर से कहा गया कि उसे मामले में जवाबी हलफनामा दाखिल करना है लिहाजा उसे समय दिया जाय। इस पर न्यायालय ने राज्य सरकार को दो सप्ताह का समय दिया है।

आपको बता दें कि राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू को जेल में निरुद्ध हुए करीब पांच महीने हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी टिन्नू की ओर से छह नवंबर को इलाहाबा हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में जमानत याचिका दाखिल की गई थी। इस याचिका से पहले आरोपी टिन्नू ने निचली अदालत में जमानत के लिए अर्जी दाखिल की थी। 28 सितंबर को दाखिल इस याचिका पर सुनवाई करते हुए विशेष न्यायाधीश एंटी करप्शन कोर्ट ने छह अक्टूबर को उसे खारिज कर दिया था। निचली अदालत से राहत नहीं मिलने के बाद आरोपी टिन्नू ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। हाईकोर्ट आज को सुनवाई के दौरान टिन्नू की जमानत याचिका पर जवाब देने के लिए राज्य सरकार को दो सप्ताह का समय दिया।

राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू ही नहीं राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में जेल में बंद अन्य आरोपितों को भी अभी तक राहत नहीं मिल सकी है। किसी भी आरोपी को अब तक जमानत नहीं मिल सकी है। 21 सितंबर को रमाशंकर मिश्रा, मनीष यादव और अविनाश शुक्ला की जमानत याचिकाएं निरस्त कर दी गई थीं। इसके अलावा आरोपी अनुकल्प मिश्रा, करुणेश और लवकुश की जमानत अर्जियां 22 सितंबर को खारिज हुई थीं।

0Shares