Prakash veg

Latest news uttar pradesh

पूर्वांचल को लेकर अब अलर्ट मोड में बीजेपी, इन 2 वजहों से बढ़ी चिंता; बना 15 दिसंबर तक का प्लान

भारतीय जनता पार्टी (BJP) अब पूर्वांचल को लेकर अलर्ट मोड में है। पिछले दिनों हुए शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव में पूर्वांचल की सीटों पर भाजपा के अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन नहीं होने और पार्टी के आंतरिक सर्वे का असर भाजपा की सक्रियता पर दिख रहा है। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कमर कसकर तैयार भाजपा गोरखपुर को केन्द्र में रखकर पूर्वांचल में पूरा जोर लगा रही है। पिछले दिनों राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा हुई। अब 19 नवम्बर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश की सभी विस सीटों पर आयोजित होने वाले जन चौपाल की शुरुआत गोरखपुर से करने जा रहे हैं। संगठन से जुड़े पदाधिकारियों की मानें तो 15 दिसम्बर तक गोरखपुर मंडल में कई बड़े चेहरों का कार्यक्रम हो सकता है।

आगामी 19 नवम्बर को गोरखपुर शहर के टाउनहाल में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बूथ के सदस्यों में जोश भरते हुए तैयारियों का आकलन करेंगे। क्षेत्रीय टीम के एक वरिष्ठ पदाधिकारी का कहना है कि जन चौपाल कार्यक्रम के जरिए बूथ के कार्यकर्ताओं में जोश भरा जाना है। इसके साथ ही बूथ स्तर पर वोटर लिस्ट से लेकर अन्य तैयारियों का जायजा भी लिया जाएगा। संगठन से जुड़े पदाधिकारी बताते हैं कि 15 दिसम्बर से पहले तक गोरखपुर में संगठन से लेकर सरकार के कई कार्यक्रम प्रस्तावित है।

इसी क्रम में 30 नवम्बर से तीन दिनों तक चलने वाले गीडा दिवस के कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारी है। सरकार बताने की कोशिश करेगी कि पूर्वांचल में औद्योगिक विकास पिछले 10 वर्षों में तेजी से हुआ है। इसके साथ ही कुशीनगर में कृषि विश्वविद्यालय के लोकार्पण कार्यक्रम में पीएम नरेन्द्र मोदी के आने की संभावना भी जताई जा रही है।

गोरखपुर क्षेत्र की 62 विधानसभा सीटों में से 2022 के चुनाव में भाजपा को 30 और सहयोगी दलों को 7 सीटों पर जीत मिली थी। पार्टी के आंतरिक सर्वे के लेकर जो रिपोर्ट है, उसके मुताबिक, पूर्वांचल में पार्टी की स्थिति पहले जैसी मजबूत नहीं दिख रही है। पिछले दिनों काशी के दो एमएलसी सीटों पर भाजपा को हार मिली। और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी में भाजपा प्रत्याशी को कड़े मुकाबले में मामूली मतों के अंतर से जीत मिली।

साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ से सरकार की उपलब्धियों वाली पाती प्रबुद्ध वर्ग के पास भेजी जा रही है। इसमें चार्टर्ड एकाउंटेंट, अधिवक्ता, आर्किटेक्ट, चिकित्सक से लेकर व्यापारी शामिल हैं। पत्र में वर्ष 2017 से पहले के अपराध और माफियाराज का जिक्र है। पाती में 10 साल की उपलब्धियों के आधार पर समर्थन की अपील की गई है। सीएम की पाती को सोशल मीडिया पर शेयर कर लोग आभार जता रहे हैं। चार्टर्ड एकाउंटेंट शिशिर दूबे और अखिलेश्वर दुबे पत्र को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखते हैं कि मुख्यमंत्री की तरफ से पत्र में जो बात कही गई है, उसका अनुभव प्रदेश का हर वाशिंदा कर रहा है। सीएम का पत्र आदिल अमीन, डॉ अजीज अहमद, डॉ. सुधाकर पांडेय, विजय श्रीवास्तव, दुर्गेश श्रीवास्तव, प्रिया कुमारी शुक्ला को मिला है।

0Shares