Prakash veg

Latest news uttar pradesh

यूपी में दो दिन गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, सुबह कोहरे से घटेगी दृश्यता

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। कई हिस्सों में धुंध-कोहरे के अलावा बारिश की संभावना है। पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी। हालांकि मौसम विभाग ने कोई चेतावनी नहीं जारी किया है। वहीं, दो दिन बाद से फिर मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 13 नवंबर की सुबह निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह के समय धुंध और कोहरा देखने को मिल सकता है। लखनऊ और वाराणसी में अगले दो से तीन दिनों के दौरान दृश्यता घटकर 200 मीटर तक पहुंचने की आशंका है। प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में दृश्यता 200 से 800 मीटर के बीच रह सकती है। इसके अलावा 14 और 15 नवंबर को पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं बारिश/गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत संभावना है। वहीं 16 नवंबर को दोनों संभागों में मौसम शुष्क रहेगा। सुबह के समय कहीं-कहीं छिछला कोहरा होने की संभावना है। 18 से लेकर 19 नवंबर तक भी मौसम शुष्क ही बना रहेगा।

यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ और बिजनौर के एक-दो स्थानों पर आज बारिश के आसार हैं। वहीं 16 के बाद कोहरा और मौसम शुष्क रहेगा।

अगले सात दिनों की तापमान की बात करें तो अधइकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावाट होने की संभावना है। वहीं, अगले 3-4 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन के आसार नहीं हैं। उसके बाद 3-5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है।

उधर, बुलंदशहर में मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ही वायु प्रदूषण का स्तर एक बार फिर चिंताजनक स्थिति में पहुंच गया है। शुक्रवार की सुबह आसमान में धुंध की चादर छाई रही, जिससे सुबह के समय एयर क्वालिटी इंडेक्स खराब श्रेणी में 279 पर दर्ज किया गया। हवा में घुले जहरीले कणों के कारण सुबह टहलने निकलने वाले लोगों और सांस के मरीजों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तापमान में गिरावट आने के कारण हवा में मौजूद धूल और धुएं के सूक्ष्म कण ऊपर उठने के बजाय वायुमंडल की निचली सतह पर ही जम गए हैं। यही कारण है कि सुबह के समय वातावरण में स्मॉग (धुंध) जैसा असर दिखाई दे रहा है और लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में भारीपन महसूस हो रहा है।

0Shares