ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का भव्य शुभारंभ, अमित शाह और सीएम योगी ने किया उद्घाटन
1 min read
इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में पांच दिवसीय उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआइटीएस) के चौथे संस्करण का आज शुक्रवार को शुभारंभ हो गया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का उद्घाटन किया है।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के उद्घाटन के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंच पर बात करते दिखे।
बता दें कि ट्रेड शो में पहली बार ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम साझेदार देश के तौर पर सहभागिता कर रहे हैं।
इन देशों की भागीदारी से व्यापार साझेदारी, तकनीकी सहयोग, सोर्सिंग, निवेश और नए बाजारों तक प्रदेश के उत्पादों की पहुंच के अवसर बढ़ेंगे। अंतरराष्ट्रीय और घरेलू खरीदारों की बीटूबी बैठक, सेक्टोरल नीति सत्र से प्रदेश में निवेश की नई संभावनाएं तैयार की जाएंगी। प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री भूपेन्द्र चौधरी ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता कर यूपीआइटीएस की तैयारी और लक्ष्य को साझा किया।
अब तक 72 देशों से विदेशी खरीदारों के पंजीकरण हो चुके हैं। होस्टेडबायर प्रोग्राम के माध्यम से वास्तविक खरीदारों, आयातकों, वितरकों, रिटेलर्स, सोर्सिंग एजेंट्स, प्रोक्योरमेंट प्रमुखों, व्यापार संघों और व्यावसायिक उद्यमों को जोड़ा जा रहा है। ट्रेड शो में वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट पहल के साथ इस साल वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन को विशेष पहचान दी जाएगी।
प्रदेश के विभिन्न जिलों की पारंपरिक पाक विधियों, स्थानीय व्यंजनों और खाद्य विरासत को देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। इस मौके पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील, जिलाधिकारी मेधा रुपम आदि मौजूद रहे।
