UP Anganwadi Salary Hike: यूपी सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का बढ़ाया मानदेय, अब मिलेगा 12000 और साड़ी के लिए अतिरिक्त पैसे
1 min read
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार विधानसभा चुनाव से पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाने का ऐलान किया है। सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 8000 से बढ़ाकर 12000 रुपये और सहायिका का 6000 रुपये से बढ़ाकर 8000 रुपये कर दिया है।
योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या में एक कार्यक्रम के दौरान यह मानदेय बढ़ाने का ऐलान किया है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी दिया है।
इसके साथ ही उन्हें 5 लाख रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस कवर की सुविधा भी दी जाएगी। इसके साथ ही अतिरिक्त साड़ी के लिए भी पैसे दिए जाएंगें।
योगी ने सपा पर बोला हमला
सीएम योगी ने इस मौके पर उन्होंने कहा कि पहले आंगनबाड़ी केंद्र वीरान पड़े रहते थे और केंद्र से भेजा गया पैसा सपा सरकार के लोग डकार जाते थे। हमारी सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और उनके काम को बीते 9 साल में व्यवस्थित रूप दिया।
आगे कहा कि सपा के लोगों ने अयोध्या के विकास का विरोध किया। यहां न बिजली थी न ही सड़कें, पर अब अयोध्या सोलर सिटी बन चुकी है। यहां अब विकास हो रहा है। पहले तीन घंटे ही लाइट आती थी, अब शहर रोशन हो गई है।
प्रदेश में कितनी है आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की संख्या?
प्रदेश में कुछ 1.89 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 1.39 लाख सहायिकाएं हैं। सरकार ने हाल में 71,310 पदों पर नई भर्तियां भी पूरी की हैं, जिनमें 21,804 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 49,506 सहायिका शामिल हैं। इन सभी को यानी नए और पुराने कर्मचारियों को बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा।
अब कितना मिलेगा मानदेय?
बढ़ोतरी से पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 8000 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता था, जो अब 12000 रुपये कर दिया गया है। वहीं, आंगनबाड़ी सहायिकाओं को पहले 6 हजार रुपये मिलते थे, लेकिन अब उन्हें 8000 रुपये मिलेंगे।
पहले बढ़ाया रसोइयों का मानदेय
इससे पहले सरकार ने बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में तैनात रसोइयों का मानदेय बढ़ाया था। रसोइयों को पहले 2000 रुपये मिलते थे जिसे सरकार ने बढ़ाकर 3000 रुपये कर दिया है। इसका लाभ 3.53 लाख से अधिक रसोइयों को मिलेगा, जिनमें अधिकतर महिला रसोइयां हैं।
फरवरी 2027 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। वह लगातार प्रदेश के अलग-अलग इलाकों का दौरा कर रहे हैं। मई से अब तक योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के 75 में से 44 से ज्यादा जिलों का दौरा कर चुके हैं। इन दौरों के दौरान उन्होंने 115 विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े अलग-अलग विकास कार्यों का उद्घाटन किया या उनकी आधारशिला रखी। इन 115 सीटों में से करीब 58 फीसदी पर 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्षी समाजवादी पार्टी (SP)-कांग्रेस गठबंधन आगे रहा था।
