मोहसिन रजा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, योगी सरकार ने बनाया यूपी अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष
1 min read
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने मोहसिन रजा को राज्य अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष बनाया है। इस संबंध में रविवार को राज्य सरकार की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। मोहसिन रजा उत्तर प्रदेश में बीजेपी के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं और तमाम मुद्दों पर मीडिया के सामने पार्टी का पक्ष मजबूती से रखते रहे हैं। रजा को कैबिनेट मंत्री रैंक का दर्जा दिया गया है।
मोहसिन रजा योगी आदित्यनाथ सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री रह चुके हैं। उन्हें अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ और हज से जुड़े विभागों की जिम्मेदारी दी गई थी।
रजा उत्तर प्रदेश में विधान परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं। रजा 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हुए थे और बाद में पार्टी ने उन्हें उत्तर प्रदेश में प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी थी।
इन्हें बनाया गया सदस्य
इसके अलावा संदीप जैन, अंशुमन कुमार सिंह मैसी, सरदार हनप्रीत सिंह बेदी, मोहम्मद असलम, सरदार परविंदर सिंह, नेहा खान, सैयद सेराज अब्बास रिजवी और रूमाना सिद्दीकी को अल्पसंख्यक आयोग में सदस्य बनाया गया है।
अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष के तौर पर मोहसिन रजा को मिली नई जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अल्पसंख्यक आयोग का काम राज्य में अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े मुद्दों, उनकी शिकायतों और अधिकारों से जुड़े मामलों पर काम करना है। कैबिनेट मंत्री रैंक का दर्जा मिलने से मोहसिन रजा का राजनीतिक और प्रशासनिक कद भी बढ़ेगा।
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले रजा की नियुक्ति को मुस्लिम समुदाय को साधने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है। राजनीति में आने से पहले रजा क्रिकेट से भी जुड़े रहे हैं और उत्तर प्रदेश की ओर से रणजी ट्रॉफी में खेल चुके हैं।
115 विधानसभा सीटें, 38 हजार करोड़ का दांव…
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। मई से अब तक वह 44 से ज्यादा जिलों का दौरा कर चुके हैं।
