फीस बढ़ोतरी के खिलाफ सड़कों पर उतरे छात्र, सपा छात्र सभा ने कहा- सरकार पूरी तरह विफल, कानून-व्यवस्था बेपटरी
1 min read
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के व्यस्त 1090 चौराहे पर आज समाजवादी छात्र सभा की ओर से एक जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में की गई भारी फीस बढ़ोतरी के विरोध में सैकड़ों की संख्या में छात्र और युवा नेता सड़क पर उतर आए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बसों में भरा
छात्रों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा और कई छात्र नेताओं को जबरन बसों में भरकर हिरासत में ले लिया। पुलिस इन सभी हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को पूछताछ और आगे की कार्रवाई के लिए इको गार्डन भेज रही है।
सरकार पर बोला तीखा हमला
प्रदर्शन के दौरान समाजवादी छात्र सभा के नेताओं ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए आरोप लगाया कि विश्वविद्यालयों में फीस बढ़ाने का कोई भी तय मानक नहीं है। उन्होंने कहा कि छात्र जब भी अपनी जायज मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन करते हैं, तो सरकार उन पर दमनकारी कार्रवाई करती है। छात्र नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल हो चुकी है और राज्य में गुंडे-माफिया हावी हो गए हैं। इस अचानक हुए प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के कारण चौराहे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
