Prakash veg

Latest news uttar pradesh

PM मोदी के जन्मदिन पर दिल्ली सरकार का एलान, घरों में जलेंगे आशीर्वाद दीप; 13 हजार प्रोजेक्ट्स की सौगात

1 min read

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से दिल्ली में एक माह तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत होगी।

दिल्ली भाजपा और दिल्ली सरकार के इस अभियान में सेवा कार्यों के साथ करीब 13 हजार परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। एक दिन में 2500 यूनिट रक्त जुटाने के साथ 25 हजार वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच भी कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रेसवार्ता में बताया कि 17 सितंबर को दिल्ली सरकार की ओर से मेगा रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। इसमें एक दिन में ढाई हजार यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अलावा सामाजिक कल्याण विभाग स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर 25 हजार वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाएगा।

सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रम विभाग दिल्ली के मजदूरों और निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण के साथ उनके स्वास्थ्य की जांच के लिए विशेष अभियान चलाएगा। सरकार अंगदान को भी सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बनाने की तैयारी कर रही है।

दिल्ली में अंगदान के लिए केंद्र के नोटो की तर्ज पर तैयार किए गए आधिकारिक प्लेटफॉर्म सोटो का उद्घाटन अभियान के दौरान किया जाएगा। इसके माध्यम से दिल्ली में अंगदान को बढ़ावा देने का प्रयास होगा।

महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आने वाले चाइल्ड केयर सेंटर और अनाथालयों में बच्चों के लिए विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियां आयोजित होंगी। वहीं, शहरी विकास विभाग और एमसीडी के सहयोग से हर वार्ड और विधानसभा क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना दिल्लीवासियों और देशवासियों की आस्था का प्रतीक है। यमुना की सफाई केवल एक दिन का अभियान नहीं है और दिल्ली सरकार लगातार इस दिशा में काम कर रही है।

सेवा संकल्प अभियान के दौरान यमुना सफाई से जुड़ी करीब 8,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही यमुना सफाई के लिए सरकार की आगामी योजनाओं को भी जनता के सामने रखा जाएगा।

‘ग्रीन दिल्ली-क्लीन दिल्ली’ मिशन के तहत पर्यावरण विभाग प्रत्येक वार्ड में विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से पौधारोपण अभियान चलाएगा। दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाने के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए सेवा संकल्प अभियान के दौरान व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा।

‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर ड्राइंग, भाषण और रील प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। दिल्ली सरकार, निजी स्कूल, एनडीएमसी और नगर निगम के करीब पांच हजार स्कूलों के लगभग पांच लाख विद्यार्थियों को इन प्रतियोगिताओं से जोड़ने का लक्ष्य है। विश्वविद्यालयों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों और युवाओं को अपने विचार, कल्पना और विजन के जरिए विकसित भारत की अपनी परिकल्पना चित्र, भाषण या रील के माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर दिल्ली के लाभार्थी अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाकर उन्हें शुभकामनाएं देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल भाजपा कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें लाभार्थियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी होगी।

अभियान के दौरान आशा वर्कर और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया जाएगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि सभी संगठनात्मक जिलों में सेवा कार्य आयोजित होंगे। केंद्र और दिल्ली सरकार के कार्यों को लेकर जनता से संवाद भी किया जाएगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published.

https://slotbet.online/