‘सपा सरकार में शिक्षा का क्या हाल था’, अखिलेश के प्रोटेस्ट पर राजभर का तंज, बोले- ‘हाऊ कैन यू रोक’ वाले धर्मेंद्र यादव का इतिहास पता करें
1 min read
दिल्ली में हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने सपा मुखिया अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया. इससे आक्रोशित समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्तर प्रदेश में जमकर प्रदर्शन किया. इन सबके बीच नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर सियासत भी देखने को मिल रही है. इसी कड़ी में अब ओमप्रकाश राजभर की भी एंट्री हो गई है. उन्होंने अखिलेश यादव और उनकी पार्टी पर तीखा तंज कसा है. साथ ही सांसद धर्मेंद्र यादव पर निशाना साधा है.
राजभर ने सोशल मीडिया पर लिखा- ‘मित्र अखिलेश जी… आप कहां चले गए पेपर लीक पर प्रदर्शन करने और झुट्ठो गिरफ्तारी कराने महाराज. आपकी अपनी सपा सरकार का हाल आपको याद है भी या भूल गए? आपके राज में स्कूलों में खुलेआम नकल होती थी, परीक्षा को धंधा बना लिया गया था. आपकी सरकार में हाईस्कूल और 12वीं के प्रश्न पत्र पैसों पर बेच दिए जाते थे. फर्जी सर्टिफिकेट बनाए जाते थे. आपके राज में भ्रष्टाचार का आलम ऐसा था कि यादव और मुस्लिम के अलावा किसी और को नौकरी नहीं मिलती थी.’
ओमप्रकाश राजभर ने आगे लिखा- ‘पूरे प्रदेश को आज भी याद है कि सरकारी नौकरी की गाइड लाइन जारी होते ही. कैसे चचा-भतीजा वसूली के लिए बोरा लेकर निकल जाते थे. याद कीजिए आपकी सरकार में क्या था शिक्षा का हाल?’
वहीं, धर्मेंद्र यादव पर तंज कसते हुए राजभर ने कहा- ‘इतिहास उठाकर देख लीजिए ‘हाऊ कैन यू रोक…’ वाले धर्मेंद्र इलाहाबाद विश्वविद्यालय में लॉ करने लगते हैं. मैं गारंटी से कह सकता हूं कि धर्मेंद्र यादव की क्षमता नहीं है कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा पास भी कर लें.’
