UPTET में शामिल होने वाले शिक्षकों के लिए योगी सरकार का आदेश जारी, मिलेगी स्पेशल छुट्टी
1 min read
UPTET 2026 : उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026)में शामिल होने वाले शिक्षकों को स्पेशल छुट्टी मिलेगी। योगी सरकार ने यह परीक्षा देने वाले सभी सेवारत शिक्षकों को बड़ी राहत देते हुए यह निर्णय लिया है। इस संबंध में आदेश भी जारी हो गया है। उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग के विशेष सचिव अवधेश कुमार तिवारी द्वारा शिक्षा निदेशक (बेसिक) को जारी आदेश में यूपीटीईटी दे रहे शिक्षकों के लिए विशेष अवकाश स्वीकृत करने को कहा गया है।
जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)- 2026 प्रस्तावित है। इसमें बड़ी संख्या में बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक भी अभ्यर्थी हैं। इस संबंध में शासन स्तर पर विचार-विमर्श के बाद 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को प्रस्तावित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)- 2026 में प्रतिभाग करने वाले शिक्षकों को परीक्षा की तारीख के लिए विशेष अवकाश स्वीकृत किए जाने का निर्णय लिया गया है। शासन ने शिक्षा निदेशक (बेसिक) को निर्देशित किया है कि शिक्षकों को विशेष अवकाश के इस आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई तत्काल की जाए। इस आदेश की कॉपी महानिदेशक स्कूल शिक्षा, सचिव बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के साथ ही प्रदेश के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई और सूचना के लिए भेजी गई है।
यूपीटीईटी की तैयारियां जारी
यूपीटीईटी की परीक्षा की तैयारी में जहां अभ्यर्थियों ने दिन-रात एक कर रखा है वहीं शिक्षक अभ्यर्थी पूरे जी-जान से जुटे हुए हैं। फुलप्रूफ और नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए प्रशासन ने भी कमर कस ली है। दो से चार जुलाई तक होने वाली इस परीक्षा में सुरक्षा के इतने कड़े इंतजाम रहेंगे कि परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की हर गतिविधि सीसीटीवी कैमरों की नजर में रहेगी। इतना ही नहीं परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए हर केंद्र पर सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की भी तैनाती की जा रही है। उत्तर प्रदेश में पिछले दो महीने से प्रतियोगी परीक्षाओं का सिलसिला लगातार जारी है। हाल ही में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा और नीट यूजी पुनर्परीक्षा के बाद अब शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)- 2026 के आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
परीक्षा की तैयारियों पर अधिकारी लगातार नजर बनाए हुए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी अभ्यर्थी को कोई दिक्कत न हो। दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को आवागमन में कोई दिक्कत न हो इसके भी इंतजाम किए जा रहे हैं।
