Prakash veg

Latest news uttar pradesh

IRCTC SPECIAL : भारतीय रेल की खास धार्मिक पहल, एक साथ 5 ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने का मौका

1 min read

यदि आप कम खर्च में देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करना चाहते हैं, तो आईआरसीटीसी भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के जरिए 11 दिनों की विशेष यात्रा का लाभ उठा सकते हैं। यह यात्रा 11 जुलाई 2026 को रीवा से शुरू होगी और 21 जुलाई 2026 को समाप्त होगी। यात्रा के दौरान पांच प्रमुख ज्योतिर्लिंगों के साथ द्वारकाधीश मंदिर और एलोरा गुफाओं के दर्शन कराए जाएंगे।

कितना होगा यात्रा का खर्च?

यात्रियों के लिए स्लीपर, 3एसी और 2एसी श्रेणियों की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस पैकेज की शुरुआती कीमत 20,250 रुपये प्रति व्यक्ति रखी गई है। 3एसी श्रेणी के लिए 33,250 रुपये और 2एसी श्रेणी के लिए 44,000 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क निर्धारित किया गया है। पैकेज में ट्रेन यात्रा, ठहरने की व्यवस्था, भोजन, स्थानीय परिवहन और यात्रा बीमा शामिल है।

इन स्टेशनों से कर सकेंगे यात्रा की शुरुआत

यात्रा का मुख्य प्रस्थान स्टेशन रीवा होगा। इसके अलावा सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, इटारसी, रानी कमलापति, शुजालपुर और उज्जैन से भी यात्री ट्रेन में सवार हो सकेंगे। वापसी के दौरान खंडवा, इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी, मैहर, सतना और रीवा में उतरने की सुविधा उपलब्ध होगी।

किन धार्मिक स्थलों के होंगे दर्शन?

यात्रा कार्यक्रम के अनुसार 13 जुलाई को ट्रेन द्वारका पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु द्वारकाधीश मंदिर के दर्शन करेंगे। अगले दिन बेट द्वारका और नागेश्वर महादेव मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद ट्रेन सोमनाथ पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं को सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे।

इसके बाद यात्रा महाराष्ट्र की ओर बढ़ेगी। पुणे पहुंचने पर भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग और नासिक में त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा के अंतिम चरण में छत्रपति संभाजीनगर पहुंचकर घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग और विश्व प्रसिद्ध एलोरा गुफाओं का भ्रमण कराया जाएगा।

यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं

आईआरसीटीसी की ओर से यात्रियों को सुबह चाय या कॉफी, नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात्रि भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा प्रतिदिन एक लीटर रेलनीर पानी की बोतल भी दी जाएगी। विभिन्न स्थलों पर आने-जाने के लिए बसों की व्यवस्था रहेगी। यात्रा के दौरान टूर एस्कॉर्ट और सुरक्षा कर्मी भी मौजूद रहेंगे, जो यात्रियों की सहायता करेंगे।

इन सुविधाओं का खर्च अलग से देना होगा

पैकेज में स्मारकों के प्रवेश शुल्क, विशेष दर्शन टिकट, कैमरा शुल्क, पोर्टर सेवा, हेलीकॉप्टर या डोली सुविधा, व्यक्तिगत खर्च, दवाइयां और लॉन्ड्री जैसी सेवाएं शामिल नहीं हैं। इनका भुगतान यात्रियों को स्वयं करना होगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published.

https://slotbet.online/