देवरिया में साहित्यिक उत्सव, ‘जाग रे पंछी’ पुस्तक का भव्य लोकार्पण
1 min read
देवरिया। नागरी प्रचारिणी सभा के तत्वावधान में रविवार को आयोजित साहित्यिक समारोह में कवयित्री अंजनी द्विवेदी के कविता संग्रह ‘जाग रे पंछी’ का भव्य लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में साहित्यकारों, कवियों और साहित्य प्रेमियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।
समारोह के मुख्य अतिथि कवि महेंद्र राय रहे, जबकि अध्यक्षता सभा के उपाध्यक्ष इंद्र कुमार ने की। पुस्तक का लोकार्पण खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल मिश्रा द्वारा किया गया।
लोकार्पण अवसर पर गोपाल मिश्रा ने कहा कि साहित्य समाज को दिशा देने का सशक्त माध्यम है। ऐसी रचनाएं नई पीढ़ी को संवेदनशील, जागरूक और संस्कारित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में राम पुकार चौधरी, रजनीश मोहन, सरोज कुमार पांडेय, मुक्तिनाथ त्रिपाठी, ताज मोहम्मद सिद्दीकी, सुभाष राय, छेदी प्रसाद गुप्ता, रंजीत श्रीवास्तव और ललिता प्रसाद चौधरी सहित अनेक कवियों ने काव्य पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वक्ताओं ने ‘जाग रे पंछी’ को संवेदनाओं, सामाजिक चेतना और जीवन मूल्यों को अभिव्यक्त करने वाला उत्कृष्ट काव्य संग्रह बताया।
नागरी प्रचारिणी सभा भवन में आयोजित कार्यक्रम में संस्था के मंत्री अनिल त्रिपाठी, रवींद्रनाथ तिवारी, राजेश कुमार मिश्र, राजीव मिश्रा, नीतू सिंह, रानी सिंह और अन्नपूर्णा पांडेय सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।
अंत में कवयित्री अंजनी द्विवेदी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए साहित्यिक गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
