Prakash veg

Latest news uttar pradesh

खाली सिलेंडर को चूल्हा बनाकर रोटियां सेंकी; अखिलेश ने वीडियो शेयर किया, बोले- आपदा में आविष्कार!

1 min read

बढ़ती रसोई गैस कीमतों और गैस आपूर्ति की समस्या से परेशान प्रयागराज के एक परिवार ने अनोखा तरीका अपनाते हुए खाली गैस सिलेंडर को काटकर चूल्हे का रूप दे दिया। इस चूल्हे पर खाना बनाती महिलाओं का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करते हुए सरकार पर निशाना साधा है। सपा मुखिया ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, आपदा में आविष्कार! महंगी हुई गैस तो जिस सिलेंडर से चूल्हा जलता था, उसे ही चूल्हा बना लिया। इसके साथ ही उन्होंने बढ़ती महंगाई और रसोई गैस के दामों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर सवाल उठाए।

खाली सिलेंडर काटकर चूल्हा बनाया

वायरल वीडियो में प्रयागराज निवासी साक्षी यादव चूल्हे पर रोटियां बनाती नजर आ रही हैं। उन्होंने बताया कि पहले गैस सिलेंडर की कीमत करीब 450 रुपये हुआ करती थी, तब भी लोग महंगाई की बात करते थे, लेकिन अब सिलेंडर की कीमत लगभग एक हजार रुपये तक पहुंच गई है। उनका कहना है कि मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए घर का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है। राशन से लेकर गैस तक हर चीज महंगी हो चुकी है, जिससे परिवार का बजट पूरी तरह प्रभावित हुआ है।

संयुक्त परिवार के चलते गैस की खपत ज्यादा

साक्षी यादव ने बताया कि उनका परिवार संयुक्त परिवार है, इसलिए एक सिलेंडर से काम नहीं चल पाता। घर में अधिक सदस्य होने के कारण हर महीने दो सिलेंडर की जरूरत पड़ती है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस आपूर्ति भी समय पर नहीं हो रही है, जिसके चलते मजबूरी में खाली सिलेंडर को काटकर चूल्हा बनाना पड़ा। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में लकड़ी और कोयले के चूल्हे पर खाना बनाना बेहद कठिन है और महिलाएं पसीने से तरबतर हो जाती हैं।

सिलेंडर डिलीवरी में होती है देरी

परिवार की एक अन्य महिला ने बताया कि गैस सिलेंडर खत्म होने के बाद नया सिलेंडर मिलने में काफी समय लग जाता है। उनका कहना है कि बड़े परिवार में एक सिलेंडर 25 दिन तक नहीं चल पाता, जबकि दोबारा बुकिंग और आपूर्ति में समय लगने से परेशानी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि कई बार गैस न होने के कारण बच्चों के लिए टिफिन तैयार करना भी मुश्किल हो जाता है और मजबूरी में उन्हें चिप्स या फल देकर स्कूल भेजना पड़ता है।

वीडियो हो रहा वायरल

सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो के बाद महंगाई, गैस की कीमतों और घरेलू उपभोक्ताओं की परेशानियों को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। विपक्ष जहां इसे आम जनता की मुश्किलों का उदाहरण बता रहा है, वहीं सरकार की ओर से इस मामले पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published.

https://slotbet.online/