पूर्वांचल का कुख्यात बदमाश भानु प्रताप सिंह एनकाउंटर में ढेर, एके-47 भी बरामद
1 min read
पूर्वांचल के कुख्यात बदमाश भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू को एनकाउंटर में मार गिराया गया है। अयोध्या में प्रयागराज एसटीएफ की यूनिट के साथ मुठभेड़ में हुई। भानु प्रताप पर अलग-अलग जिलों में दो लाख का इनाम घोषित था। उसके ऊपर 40 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। एनकाउंटर में एसटीएफ प्रयागराज यूनिट के प्रभारी जेपी राय और एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गया है। अहमदपुर घाट तिराहे के पास महाराजगंज थाना क्षेत्र के पास मुठभेड़ हुई। शातिर के पास से पिस्टल के साथ ही एसटीएफ ने एके-47 राइफल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार भानु प्रताप सिंह गोरखपुर के बेलाघाट थाना क्षेत्र के बिखनीपुर का रहने वाला था। प्रयागराज एसटीएफ को भानू के बारे में सूचना मिली तो उसकी घेरेबंदी की गई। घेरेबंदी देख शातिर बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। एसटीएफ की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से इनामी बदमाश घायल हो गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भानु पर आजमगढ़ पुलिस ने 1 लाख, अंबेडकरनगर पुलिस ने 50 हजार, गोरखपुर पुलिस ने 25 हजार और बस्ती पुलिस ने 15 हजार का इनाम घोषित किया था।
मुरादाबाद का वांटेड 50 हजार का इनामी गोतस्कर दिल्ली से गिरफ्तार
उधर, मुरादाबाद के मैनाठेर थाने में दर्ज गोकशी के मामले में फरार चल रहे इनामी आरोपी अशफाक उर्फ भूरा उर्फ नाजिम को बरेली एसटीएफ की टीम ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जनवरी 2026 में गोकशी करके कार में गोमांस लादकर दिल्ली की ओर जा रहा था। बाद में पुलिस को देख कर कार छोड़कर भाग गया था। उसकी गिरफ्तारी पर डीआईजी ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। शनिवार रात एसटीएफ बरेली की टीम ने आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी एसटीएफ बरेली अब्दुल कादिर ने बताया कि सूचना के आधार पर एसटीएफ बरेली के एसआई धूम सिंह के नेतृत्व में टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि मुरादाबाद के मैनाठेर थाने से वांछित चल रहा गोकशी इनामी आरोपी दिल्ली में मौजूद है। सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने शनिवार रात दिल्ली में दबिश देकर रात करीब साढ़े नौ बजे आउटर दिल्ली के निहाल विहार थाना क्षेत्र के चंद्र विहार से आरोपी अशफाक उर्फ भूरा उर्फ नाजिम को गिरफ्तार कर लिया।
