यूपी में आप भी खोल सकेंगे म्यूजिम, 10 लाख से लेकर 40 करोड़ तक की सब्सिडी देगी योगी सरकार
1 min read
उत्तर प्रदेश में अब आम लोग भी अपना म्यूजिम खोल सकेंगे। योगी सरकार ने ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के तहत पब्लिक म्यूजियम को बढ़ावा देने की पहल शुरू की है। इसके तहत नागरिक, परिवार, ट्रस्ट, शैक्षणिक संस्थान और निजी संगठन ऐसे संग्रहालय स्थापित कर सकेंगे जहां इतिहास, संस्कृति, अध्यात्म, साहित्य, लोक परंपराओं और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी दुर्लभ धरोहर आम लोगों और पर्यटकों के लिए प्रदर्शित की जा सकेंगी। अपना म्यूजिम खोलने पर योगी सरकार 40 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी देगी।
यूपी सरकार का मानना है कि इससे सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा नई पीढ़ी अपनी विरासत से जुड़ सकेगी। दरअसल ‘उप्र पर्यटन नीति के तहत’ पब्लिक म्यूजियम को पात्र पर्यटन इकाई का दर्जा दिया गया है। जिससे अब निवेशक निजी या लीज की भूमि पर भी संग्रहालय स्थापित कर सकेंगे। न्यूनतम 5,000 वर्ग फीट प्रदर्शनी क्षेत्र और पार्किंग जैसी सुविधाओं वाले प्रोजेक्टों को सरकार की ओर से सब्सिडी और पर्यटन प्रचार कालाभ मिलेगा।
आपकी निजी विरासत को देख सकेगी दुनिया
इस मॉडल से ऐसे परिवारों और संस्थाओं को प्रोत्साहन मिलेगा, जिनके पास ऐतिहासिक वस्तुएं, पांडुलिपियां, दुर्लभ तस्वीरें, पारंपरिक कलाकृतियां और अभिलेख आदि मौजूद हैं। वे अब इन संग्रहों को पब्लिक म्यूजियम के माध्यम से सार्वजनिक अनुभव का हिस्सा बना सकेंगे। खास बात यह है कि टिकट दरें तय करने का अधिकार संग्रहालय संचालकों के पास होगा। इससे पर्यटन क्षेत्र में निवेश और नए प्रयोगों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
निवेश पर मिलेगी सब्सिडी: जयवीर
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ‘राज्य में अब पब्लिक म्यूजियम खोलना सामाजिक पहल के साथ-साथ फायदे का सौदा भी साबित होगा। प्रदेश सरकार ऐसी पर्यटन इकाइयों को बढ़ावा देने के लिए आकर्षक वित्तीय प्रोत्साहन देने जा रही है। निवेशकों और उद्यमियों को प्रथम लेनदेन तक स्टाम्प शुल्क में छूट, भूमि उपयोग परिवर्तन एवं विकास शुल्क में राहत के साथ पूंजीगत सब्सिडी अथवा ब्याज सब्सिडी में से किसी एक का लाभ मिलेगा।’
