मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक, यातायात नियमों के पालन को लेकर चला चेकिंग अभियान
1 min readदेवरिया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों द्वारा ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ और ‘शक्ति दीदी’ अभियान के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान थाना भाटपार रानी की टीम ने पीएनबी बैंक परिसर में महिलाओं और बालिकाओं को पंपलेट वितरित कर विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं थाना बरहज की टीम ने घाट क्षेत्र में मौजूद महिलाओं, छात्राओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया। पुलिस टीमों ने डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस सेवा-108 और साइबर हेल्पलाइन-1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इसी क्रम में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थानों पर भी महिलाओं को जागरूक करते हुए सुरक्षा और सहायता से जुड़े महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी गई।
वहीं दूसरी ओर, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात पुलिस द्वारा शहर क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। बस स्टैंड, गोरखपुर ओवरब्रिज, मालवीय रोड और कसया ओवरब्रिज सहित प्रमुख स्थानों पर वाहनों की जांच की गई। इस दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना ड्राइविंग लाइसेंस और फिटनेस के चलने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 118 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि 2 वाहनों को सीज किया गया। साथ ही दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में साइनेज बोर्ड भी लगवाए गए।
पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियानों से यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा मिलता है और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलती है।
