नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 650 केंद्रों पर हुई साक्षरता परीक्षा
1 min readदेवरिया। नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 15 वर्ष से अधिक आयु के चिन्हित असाक्षरों के लिए रविवार को साक्षरता परीक्षा आयोजित की गई। जिले के करीब 650 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में लगभग 16 हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल सिंह ने बताया कि विशेष कक्षाओं के संचालन के बाद यह परीक्षा कराई गई है। सफल प्रतिभागियों को एनआईओएस (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग) की ओर से साक्षरता प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें औपचारिक रूप से साक्षर का दर्जा मिलेगा।
परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को ब्लॉक स्तर का नोडल अधिकारी बनाया गया था, जबकि जिला समन्वयकों को विभिन्न केंद्रों पर पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी दी गई। सदर खंड शिक्षा अधिकारी देव मुनि वर्मा ने बताया कि यह पहल प्रदेश में साक्षरता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह व खंड शिक्षा अधिकारी देव मुनि वर्मा ने संविलियन विद्यालय बैदा बांसपार सहित कई केंद्रों का निरीक्षण किया।
इसके अलावा बीएसए ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बैतालपुर का भी निरीक्षण किया और छात्राओं से संवाद कर उनके पठन-पाठन व गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को आगामी वार्षिक व प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
बीएसए ने बताया कि जो प्रतिभागी किसी कारण से इस परीक्षा में शामिल नहीं हो सके, उन्हें सितंबर 2026 में आयोजित अगली परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा।
