गर्भवतियों को मिलेगी बेहतर प्रसव सुविधा: सीएमओ
1 min read
पीएचसी सहबाजपुर में प्रसव केंद्र का शुभारंभ
देवरिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल गुप्ता ने शुक्रवार को रामपुर कारखाना ब्लॉक के सहबाजपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव केंद्र का फीता काटकर शुभारंभ किया।
सीएमओ ने कहा कि इस केंद्र के शुरू होने से सहबाजपुर, रुस्तमपुर समेत आसपास के गांवों की गर्भवती महिलाओं को अब प्रसव के लिए पीएचसी रामपुर कारखाना या मेडिकल कॉलेज नहीं जाना पड़ेगा। गांव के नजदीक ही सुरक्षित प्रसव की सुविधा मिलने से महिलाओं को काफी राहत मिलेगी।
उन्होंने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्र की गर्भवतियों को इस केंद्र पर लाकर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित कराएं। यहां नवजात व शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, परिवार नियोजन के साधन और महिला नसबंदी की सुविधा भी उपलब्ध है।
केंद्र पर डॉ. रवि मद्देशिया, स्टाफ नर्स अनुराधा, एएनएम पूजा, फार्मासिस्ट शेषनाथ यादव और चौकीदार गुड्डू की तैनाती की गई है।
इस मौके पर डिप्टी सीएमओ डॉ. अश्वनी पांडेय, एमओआईसी डॉ. विनीत, डीएमएचसी विश्वनाथ मल्ल, ग्राम प्रधान यशोदा देवी, प्रधान प्रतिनिधि मुन्ना यादव, आशा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण व महिलाएं मौजूद रहीं।
