युवाओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही राष्ट्रीय सेवा योजना
1 min readदेवरिया। शहर के बीआरडीपीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों के सप्त दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. ज्ञानेंद्र सिंह एवं विशिष्ट अतिथि प्रो. के.के. ओझा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। अपने संबोधन में प्रो. सिंह ने कहा कि 1969 से रासेयो सेवा, सहयोग और समर्पण के माध्यम से युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इससे विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मानुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है।
बौद्धिक सत्र में कृषि अर्थशास्त्र विभाग के डॉ. राज जायसवाल ने डिजिटल इंडिया में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा कि एआई मशीनों को सोचने और निर्णय लेने में सक्षम बनाती है। उन्होंने कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग और ई-गवर्नेंस में एआई के उपयोग पर प्रकाश डाला तथा स्पष्ट किया कि एआई मानव का विकल्प नहीं, बल्कि उसकी क्षमता बढ़ाने का साधन है। कार्यक्रम में शिक्षकगण व स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रही।
