Bihar Vidhan Sabha LIVE: राजद-कांग्रेस काल में 118 नरसंहार, मंत्री के दावे पर विधानसभा में हंगामा
1 min read
बिहार विधानमंडल का बजट सत्र चल रहा है। विधानसभा की दूसरी पाली में नीतीश सरकार के मंत्री मदन सहनी ने दावा किया कि आरजेडी और कांग्रेस के शासनकाल में बिहार में 118 नरसंहार हुए। इस पर विपक्ष भड़क गया। विपक्षी सदस्यों ने सदन में हंगामा किया, फिर वॉकआउट कर दिया।
बिहार के पंचायतों में बंद नलकूपों का सवाल विधानसभा के अंदर उठा। नलकूपों से संबंधित सवाल का जवाब देते हुए मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि 3304 बंद पड़े नलकूपों में से 2477 नकलूप की राशि 75 लाख 23 हजार रुपये पंचायतों को भेजी गई हैं।
वहीं, बिहार विधान परिषद में नीतीश सरकार ने माना कि शराबबंदी के बाद राज्य में सूखे नशा करने वालों में तेजी आई है। पक्ष और विपक्ष के एमएलसी ने इस मुद्दे पर सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग की।
बिहार विधान मंडल में आज की कार्यवाही के अपडेट यहां पढ़ें:-
14.56 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव ने विधानसभा में विनियोग विधेयक पेश किया। सदन ने इस पर सहमति दी।
16.50 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार के सभी प्रमंडल में 500-500 बेड का मूक बधिर एवं नेत्रहीन विद्यालय खुलेगा। ऐसे सभी विद्यालयों को 8 वीं की जगह प्लस टू तक किया जाएगा। समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने विधानसभा में यह घोषणा की।
16.18 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधानसभा में विपक्ष का हंगामा। मंत्री द्वारा राजद कांग्रेस शासन काल में नरसंहार की चर्चा करने पर विपक्ष ने हंगामा किया। विपक्ष ने सदन से वॉकआउट किया। मंत्री सहनी ने कहा कि राजद कांग्रेस के 180 महीनों के शासन काल में 118 नरसंहार हो तो शासन कैसे चल रहा होगा कल्पना की जा सकती है।
16.17 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधानसभा में तृतीय अनुपूरक बजट पर चर्चा शुरू, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी का जवाब शुरू हुआ।
14.50 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधान परिषद की कार्यवाही भोजनावकाश के बाद शुरू हुई। भाजपा के अनिल कुमार के ध्यानाकर्षण के जवाब में उप मुख्यमंत्री सह राजस्व मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि विधानमंडल के सदस्यों को पटना में आवासीय भूमि उपलब्ध कराने के लिए विधान परिषद के सभापति और विधानसभा के अध्यक्ष मिलकर निर्णय करें। इसके लिए पहले ऐसे सदस्यों को कॉपरेटिव का सदस्य बनना होगा। इसके बाद विभागीय बजट पर चर्चा शुरू हुई।
14.02 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा की कार्यवाही एक बार फिर से शुरू हो गई है।
13.50 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा में मंत्री लेशी सिंह ने बताया है कि नीतीश सरकार ने अधिकतम मात्रा में उस्ना चावल को तैयार कराने का फैसला किया है। उस्ना चावल के मिलों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। राज्य सरकार ज्यादा से ज्यादा उस्ना चावल खरीद रही है। पैक्स और मिलों से अरवा चावल भी प्राप्त किया जा रहा है।
13.20 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE:पीएचईडी मंत्री संजय कुमार सिंह ने कहा कि पूर्व में मुखिया के द्वारा नल जल योजना का निर्माण ठीक ढंग से नहीं किया गया है। इन सभी योजनाओं को अब पीएचईडी विभाग दुरुस्त कर रहा है। यह भी एक कारण है कि नल जल योजना कई जगह प्रभावित है। मिथिलेश तिवारी के ध्यानाकर्षण के जवाब में मंत्री ने यह जानकारी दी। इस विषय पर विधानसभा में करीब 20 मिनट तक बहस चली। अंत में विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि वह खुद बैठक बुलाकर इस योजना के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर बात करेंगे
13.10 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित
13.04 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा है कि राशि के अभाव में राज्य में 9.16 लाख परिवारों के पीएम आवास का निर्माण लंबित है। हमलोग केंद्र से राशि जारी करने का आग्रह किया है। मंत्री विधानसभा में एक सवाल के जवाब में यह जानकारी दी।
12.50 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बीजेपी विधायक बीरेंद्र कुमार ने बिरहा गांव की होली को राजकीय महोत्सव का दर्जा देने की मांग की है। बता दें कि बीरेंद्र कुमार समस्तीपुर जिले के रोसड़ा विधायक हैं। विधायक ने कहा कि रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र के बिरहा गांव की ऐतिहासिक होली को राजकीय महोत्सव घोषित किया जाए।
12.20 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधान परिषद की कार्यवाही अभी सुचारु रूप से चल रही है। कार्यवाही शुरू होते ही राजद के अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि उच्च सदन में जो हो रहा है, उसका सही संदेश नहीं जा रहा है। सभापति से कहा कि इसका निदान किया जाना चाहिए। सभापति ने कहा कि भोजनावकाश में हम इस पर बैठकर चर्चा करेंगे। अखबार में जो छप रहा है, इसे देखकर अच्छा नहीं लगता है। सदन में सड़क जैसी भाषा खबर छप रही है जो उचित नहीं लगता है। इसके बाद प्रश्नोत्तरकाल सामान्य तरीके से चल रहा है।
11.58 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: सदन में पालीगंज विधानसभा सीट से भाकपा माले के विधायक संदीप सौरभ ने विधानसभा के बाहर पटना में नीट छात्रा की मौत का मुद्दा उठाया। माले विधायक ने कहा कि अब मां-बाप अपनी बेटियों को शहर में भेजने से डरने लगी हैं। जिन मां-बाप ने अपनी बेटियों को पटना भेजा था पढ़ाने के लिए वो भी उन्हें अब वापस बुला रही हैं।
11.44 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: सदन के अंदर ग्रामीण सड़कों का मुद्दा भी उठा है। रुपौली से विधायक कलाधर मंडल ने यह मुद्दा उठाया था। मंत्री अशोक चौधरी ने इसपर जवाब देते हुए कहा कि वो जल्द ही इसको दिखवा लेंगे।
11.30 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार के पंचायतों में बंद नलकूपों का सवाल विधानसभा के अंदर उठा है। नलकूपों से संबंधित सवाल का जवाब देते हुए मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि 3304 बंद पड़े नलकूपों में से 2477 नकलूप की राशि 75 लाख 23 हजार रुपये पंचायतों को भेजी गई हैं।
11.14 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधानसभा में प्रश्नोत्तर काल के दौरान उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी और सासाराम से विधायक स्नेहलता ने जीविका दीदियों के आईडी कार्ड का मुद्दा उठाया।
11.07 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभ की कार्यवाही शुरू हो गई है।
10.56 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा के मुख्य द्वार पर विपक्ष के सदस्यों का प्रदर्शन शुरू हो गया है। प्रदर्शन कर रहे विधायकों का कहना है कि हत्या और दुष्कर्म की घटनाओं को रोकने में बिहार सरकार लाचार है। प्रदर्शनकारी सदस्य सरकार विरोधी नारे लगा रहे है।
10.48 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार विधानसभा पहुंच चुके हैं। थोड़ी देर में बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू होगी।
10.47 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार में शुरू हो रहे जनगणना कार्यों में शिक्षक लगाए जाएंगे। आपदा सहाय और चुनाव में भी ड्यूटी लगेगी। इसके अलावा अन्य किसी गैर शैक्षणिक कार्य में शिक्षकों की ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने मंगलवार को विधानपरिषद में शिक्षकों के गैर शैक्षणिक कार्यों में लगाए जाने संबंधी गैर सरकारी संकल्प प्रस्ताव पर जवाब दिया। जदयू के प्रो. वीरेद्र नारायण यादव की ओर से प्रस्ताव लाया गया था। इसका जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि इन तीनों कार्यों के अलावा किसी भी गैर शैक्षणिक कार्य में शिक्षक नहीं लगाए जाएंगे। शिक्षकों के मान-सम्मान में कमी नहीं होने दी जाएगी। यदि कहीं समस्या है तो पोर्टल पर या व्यक्तिगत रूप से पत्र लिखकर इसकी शिकायत करें।
10.36 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की छवि बदली है। देशभर में बिहारियों का सम्मान बढ़ाया है। वर्ष 2005 के पहले बिहार के बारे में दूसरे राज्यों में अच्छे शब्दों का उपयोग नहीं किया जाता था। एक छात्र के रूप में भी हमने इसको दूसरे राज्य में देखा है।
नितिन नवीन मंगलवार को विधानसभा में अपनी बात रख रहे थे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार सदन में आने पर सभी एनडीए नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। सदन में उनके आगमन पर ‘भारत माता की जय’ के नारे लगे। उन्होंने कहा कि 20 वर्षों में हमने सदन से काफी कुछ सीखा है। हमारे वरिष्ठ नेताओं का पूरा आशीर्वाद भी मुझे मिला। आज मैं जिस रूप में यहां आया हूं, इसकी कल्पना भी मैंने नहीं की थी।
10.20 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: दिल्ली से लौटे पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मंगलवार को कहा कि नीतीश कुमार मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं हैं और राज्य पर शासन करने के योग्य नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया, “हर दूसरे दिन नीतीश कुमार ऐसी हरकतों के कारण सुर्खियों में रहते हैं, जो किसी समझदार व्यक्ति से अपेक्षित नहीं होतीं। यह भी चर्चा है कि उम्र से जुड़ी मानसिक बीमारियों के इलाज के लिए वे विदेश गए थे।”
10.05 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: भाजपा की राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष, मंत्री और विधान परिषद के सदस्य दिलीप जायसवाल ने मंगलवार को विधान परिषद में हंगामे के बाद कहा, “हमने सभापति से उपद्रवी विपक्षी सदस्यों, खासकर राजद विधायक सुनील सिंह, जिन्होंने दलित नेता अशोक चौधरी के खिलाफ अपशब्द कहे, के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है।”
9.57 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधान परिषद में राजद के सदस्य और पार्टी के प्रधान राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी ने सदन के बाहर संवाददाताओं से बात करते हुए आरोप लगाया, “हमें लगातार उकसाया जा रहा था, क्योंकि सत्तापक्ष के सदस्य तंज कसते रहे। लेकिन सभापति ने केवल हमें ही निशाना बनाया और उनके आचरण को नजरअंदाज कर दिया।”
हालांकि, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव और मंत्री अशोक चौधरी ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा, “वीडियो फुटेज सबके सामने है। हम अपनी सीट पर थे। वे लोग खुद उठकर हमारे पास आए और आक्रामक रवैया अपनाया। कई लोगों ने मेरे खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया, जो दलितों के प्रति उनके सम्मान की कमी को दर्शाता है।”
9.45 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधान परिषद में मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। विपक्षी सदस्य नारेबाजी करते रहे और सभापति व सत्तापक्ष की ओर उंगली उठाते रहे, तब अवधेश नारायण सिंह ने कहा, “मार्शलों को बुलाइए और इन सभी को बाहर कर दीजिए। इन्हें आज के लिए निलंबित भी किया जाता है।”
विधान परिषद में राजद के सदस्य और पार्टी के प्रधान राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी ने सदन के बाहर संवाददाताओं से बात करते हुए आरोप लगाया, “हमें लगातार उकसाया जा रहा था, क्योंकि सत्तापक्ष के सदस्य तंज कसते रहे। लेकिन सभापति ने केवल हमें ही निशाना बनाया और उनके आचरण को नजरअंदाज कर दिया।”
