विद्युत उपकेंद्र निर्माण सहित जन समस्याओं को लेकर भाकियू का क्रमिक अनशन प्रारम्भ
1 min readदेवरिया। सिधुआं में नया विद्युत उपकेंद्र बनाए जाने सहित विभिन्न जन समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने विशुनपुरकला चौराहे पर क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं किसान नेता विनय सिंह सैंथवार ने किया। कहा कि बरियारपुर विद्युत उपकेंद्र से क्षेत्र को मिलने वाली बिजली अत्यधिक ओवरलोड के कारण बार-बार बाधित होती रहती है। गर्मी के दिनों में फीडरवार कटौती से जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए सिधुआं में 33/11 केवी का नया विद्युत उपकेंद्र स्थापित किया जाना आवश्यक है, जिसकी मांग लंबे समय से की जा रही है।
भाकियू जिला संयोजक सदानंद यादव ने बताया कि सिधुआं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दोपहर बाद रात्रिकालीन इमरजेंसी सेवाएं न मिलने से गरीब और जरूरतमंद मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष श्यामदेव राय ने जर्जर सड़कों की ओर ध्यान दिलाया, जबकि जिला उपाध्यक्ष हरेंद्र सिंह ने गांवों में नंगे 11 हजार वोल्ट के तारों से हो रही आपूर्ति को खतरनाक बताया। जिला सलाहकार मदन चौहान ने एलटी लाइनों की बदहाल स्थिति पर चिंता जताई। अनशन में बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे।
