Prakash veg

Latest news uttar pradesh

2027 से पहले यूपी भाजपा में बड़ा बदलाव, जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा, किसे कहां मिली जिम्मेदारी?

यूपी में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने प्रदेश के संगठन में बड़ा बदलाव किया है। केन्‍द्र और राज्‍य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को बहुप्रतीक्षित जिला और महानगर की 70 इकाइयों में जिलाध्‍यक्षों की घोषणा की, जिनमें पांच महिलाएं भी शामिल हैं। यह घोषणा जिला मुख्‍यालयों पर की गयी। भाजपा के एक वरिष्‍ठ नेता ने बताया कि प्रदेश की कुल 98 संगठनात्‍मक जिला इकाइयों (जिला और महानगर समेत) में 70 जिलाध्‍यक्षों के नाम घोषित किये गये हैं और बाकी 28 जिला इकाइयों के अध्यक्ष बाद में घोषित किये जाएंगे।

भाजपा के उत्तर प्रदेश निर्वाचन अधिकारी और पूर्व केन्‍द्रीय मंत्री डॉ. महेन्‍द्र नाथ पांडेय ने बताया कि प्रदेश में 70 जिलाध्‍यक्षों की रविवार को घोषणा की गयी है। उन्होंने बताया कि इन जिलाध्‍यक्षों में 39 सामान्‍य वर्ग के, 25 अन्‍य पिछड़ा वर्ग और छह अनुसूचित जाति से संबंध रखते हैं। इनमें पांच महिलाएं भी शामिल हैं। पार्टी के मुताबिक विजय मौर्य को लखनऊ जिला इकाई का अध्यक्ष, आनंद द्विवेदी को लखनऊ महानगर का, प्रदीप अग्रहरि को वाराणसी महानगर इकाई का, जनार्दन तिवारी को गोरखपुर जिला इकाई का और देवेश श्रीवास्तव को गोरखपुर महानगर इकाई का अध्यक्ष नामित किया गया है। भाजपा ने संगठनात्मक सहूलियत के लिए उत्तर प्रदेश को काशी, गोरखपुर, अवध, कानपुर-बुंदेलखंड, ब्रज और पश्चिम छह क्षेत्रों और 98 जिला इकाइयों में विभाजित किया है।

0Shares