यूपी में 12वीं पास छात्राओं को स्मार्टफ़ोन व स्नातक युवतियों को इलेक्ट्रॉनिक स्कूटर :प्रियंका गाँधी वाड्रा
1 min read
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आगामी उत्तर प्रदेश विधान सभा के चुनाव में कांग्रेस पार्टी द्वारा 40 प्रतिशत महिलाओं को उम्मीदवार बनाने की घोषणा के साथ ही दूसरी प्रतिज्ञा के तौर पर यह घोषणा की है कि कांग्रेस की उत्तर प्रदेश में सरकार बनने पर 12वीं पास छात्राओं को स्मार्टफोन और स्नातक युवतियों को इलेक्ट्रानिक स्कूटी प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त किया जायेगा। यह एक साहसिक उद्घोष है और आधी आबादी को सशक्त करने के उद्देश्य से एवं उनकी सम्मानजनक उपस्थिति दर्ज कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
देश प्रदेश को जाति धर्म की राजनीति से निकालकर समानता की राजनीति की ओर ले जाना है, तो महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित कर उन्हें सशक्त करना पड़ेगा। यह एक साहसिक एवं दूरदर्शी प्रयास है।
प्रदेश प्रवक्ता शुचि विश्वास ने कहा कि बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ का नारा देने वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में उन्नाव रेप काण्ड, चिन्मयानंद काण्ड, हाथरस रेप काण्ड, अर्धरात्रि शव दाह, जैसी जघन्य घटनाओं में योगी सरकार की उदासीनता और एनसीआरबी के भयावह आकड़े विक्षिप्त और कुत्सित मानसिकता को उजागर करतें हैं। धरातल पर लगातार उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी महिलाओं, बच्चियों, युवतियों के हक की लड़ाई तमाम प्रतिरोध के बावजूद सरकार से लड़ रहीं है।
188 देशों में महिलाओं की राजनैतिक भागीदारी में भारत 148वें नम्बर पर है, लोकसभा में महिला उपस्थिति मात्र 12 प्रतिशत और विधानसभा 19 प्रतिशत के करीब है। आजादी के इतने वर्षो बाद आधी आबादी को राजनैतिक रूप से स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक फैसला है।
सोशल मीडिया एक्टविस्ट पूनम पंडित ने थामा कांग्रेस का हाथ
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा 40 फ़ीसदी महिलाओं को टिकट देने का ऐलान रंग लाने लगा है। आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में किसान आंदोलन के दौरान चर्चित हुईं सोशल मीडिया एक्टविस्ट पूनम पंडित ने अपने तमाम साथियों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पूनम पंडित ने कहा कि प्रियंका गांधी के रूप में उत्तर प्रदेश में एक ऐसा नेतृत्व मिला है जिनकी ओर महिलाएँ आशा भरी निगाहों से देख रही हैं। यूपी में महिलाओं के प्रति न्याय हो सके इसके लिए कांग्रेस का सत्ता में आना ज़रूरी है। महिलाएं अगले चुनाव में जमकर कांग्रेस को वोट देंगी ताकि प्रियंका गाँधी का सपना पूरा हो सके।