दिल्ली में रिश्तों का कत्ल…शादी से इनकार पर मिली मौत, मौसेरे भाई ने सिर पर लोहे की रॉड मारकर की हत्या
1 min read
Cropped shot of a couple holding hands outdoors
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हर रोज महिलाओं के साथ अपराध की खबरें सामने आती हैं, जहां मामूली बात और विवाद को लेकर महिलाओं या लड़कियों की हत्या कर दी जाती है। अब ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां 28 वर्षीय एक युवक ने अपनी मौसेरी बहन पर लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
दरअसल, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजकर आठ मिनट के आसपास जानकारी मिली थी कि अरबिंदो कॉलेज के पास विजय मंडल पार्क शिवालिक ए ब्लॉक पर एक लड़का एक लड़की को जान से मारकर भाग गया है। लड़की के पास एक लोहे की रॉड पड़ी थी। लड़की की पहचान नरगिस के रूप में हुई है जो दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेज कमला नेहरू से पढ़ाई कर रही थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना अरबिंदो कॉलेज के पास की है। आरोपित लड़की पर रॉड से हमला करने के बाद मौके से फरार हो गया था, जिसे अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान इरफान (28) पुत्र ईसा खान निवासी संगम विहार के रूप में हुई है। इरफान का परिवार मूलरूप से औरैया का रहने वाला है।
लड़की से शादी करना चाहता था आरोपित
शुरुआती जानकारी के अनुसार, पुलिस ने बताया कि नरगिस की हत्या करने वाला कोई और नहीं उसका मौसेरा भाई है जो उससे शादी करना चाहता था। लेकिन नरगिस के परिवार ने उनकी शादी से इनकार दिया था। इसके बाद लड़की ने उससे बात करना बंद कर दिया था, जिसके बाद आरोपित परेशान हो गया और लड़की के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी।