आजम को सीएम पद चाहिए, नहीं तो ओवैसी के साथ…; राजभर का दावा- अखिलेश की बात नहीं बनी
1 min read
उत्तर प्रदेश की राजनीति में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा महासचिव आजम खां को लेकर एक ऐसा दावा कर दिया है जिसने प्रदेश का सियासी पारा चढ़ा दिया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक दिन पहले गुरुवार को ही आजम खां से जेल में जाकर मुलाकात की थी। इसी मुलाकात को लेकर राजभर ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि दोनों नेताओं के बीच बातचीत नाकाम हो गई है और आजम खां ने अपनी नई शर्तें रख दी है। आजम खां को गृह मंत्री नहीं मुख्यमंत्री का पद चाहिए। शिवपाल यादव ने कुछ समय पहले ऐलान किया था कि सपा की सरकार बनने पर आजम खां को गृहमंत्री बनाया जाएगा।
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर तंज कसते हुए दावा किया कि रामपुर में अखिलेश यादव और आजम खां के बीच ‘सेटिंग’ नहीं बैठ पाई है। उन्होंने कहा कि आजम खां अब समाजवादी पार्टी (साइकिल) का साथ छोड़कर पतंग के साथ जाने की तैयारी में हैं। पतंग असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम का चुनाव चिह्न है। राजभर के अनुसार ओवैसी की रामपुर में रैली के बाद अखिलेश यादव का गणित बिगड़ गया है।
