अखिलेश ने आजम को जेल भिजवाया, अब मिलने जा रहे; ओपी राजभर ने सपा अध्यक्ष को घेरा
1 min read
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की आजम खान से मुलाकात को लेकर यूपी की राजनीति गरमा गई है। योगी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने इस मुलाकात पर निशाना साधते हुए कहा कि आजम खान को जेल अखिलेश यादव ने भिजवाया था। अब उनसे मिलने जाना केवल चुनावी जुमला पैदा करने की कोशिश है। राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव आजम खान के सहारे मुस्लिम वोट हासिल करने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब मुस्लिम समाज के लोग चाहते हैं कि अखिलेश यादव मुस्लिम मुख्यमंत्री घोषित करें, तभी उन्हें वोट मिलेंगे।
अखिलेश यादव आज दोपहर रामपुर पहुंचकर जिला जेल में आजम खान से मुलाकात करेंगे। इसके बाद उनके आजम खान के आवास पर जाकर परिजनों से मिलने का भी कार्यक्रम है। करीब एक साल 14 दिन बाद दोनों नेताओं की मुलाकात होने जा रही है। इससे पहले अखिलेश यादव आठ अक्टूबर 2025 को रामपुर आए थे और आजम खान से मिले थे। ऐसे में इस मुलाकात को आगामी चुनावों के मद्देनजर राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
