नरेश पाल गंगवार की जगह दीप्ति गौड़ मुखर्जी को मिली उच्च शिक्षा विभाग की कमान, सरकार ने बदला फैसला
1 min readसरकार ने सोमवार को अपने पहले जारी आदेश में संशोधन करते हुए दीप्ति गौड़ मुखर्जी को उच्च शिक्षा विभाग की नई सचिव नियुक्त किया। वह नरेश पाल गंगवार की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगी।
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि 23 जुलाई को जारी पहले के आदेश में आंशिक संशोधन किया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय की सचिव दीप्ति गौड़ मुखर्जी को उच्च शिक्षा विभाग का सचिव नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है।
दीप्ति गौड़ मुखर्जी विनीत जोशी की जगह लेंगी। विनीत जोशी को पंचायती राज मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है।
आदेश में संशोधन से पहले मध्य प्रदेश कैडर की 1993 बैच की आईएएस अधिकारी दीप्ति गौड़ मुखर्जी कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय में सचिव के पद पर कार्यरत थीं।
नरेश पाल नहीं संभाल पाए कार्यभार
आपको बता दें कि 23 जुलाई को सरकार ने विनीत जोशी के तबादले के बाद नरेश पाल गंगवार को उच्च शिक्षा विभाग का नया सचिव नियुक्त किया था। यह फैसला नीट (NEET) पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के बीच लिया गया था।
हालांकि विनीत जोशी अब तक उच्च शिक्षा सचिव के पद पर बने रहे जिसके कारण नरेश पाल गंगवार अपना नया कार्यभार नहीं संभाल सके। जोशी को 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हुए तत्कालीन पंचायती राज सचिव विवेक भारद्वाज की जगह पदभार ग्रहण करना था लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इसका नतीजा यह हुआ कि जोशी उच्च शिक्षा सचिव के पद पर ही बने रहे और गंगवार भी पशुपालन एवं डेयरी विभाग के सचिव के रूप में अपनी मौजूदा जिम्मेदारी निभाते रहे।
खीरे की खेती के चलते चर्चा में आए थे नरेश पाल गंगवार
राजस्थान कैडर के 1994 बैच के आईएएस अधिकारी नरेश पाल गंगवार पहले उस समय चर्चा में आए थे जब उनके परिवार को केंद्र सरकार की एक योजना के तहत खीरे की खेती के लिए 1.16 करोड़ रुपये की सब्सिडी मिली थी।
इसके साथ ही एक और तबादला भी हुआ है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने मध्य प्रदेश कैडर के 1992 बैच के आईएएस अधिकारी वी. के. कांथा राव को गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग में भारत सरकार के सचिव के समकक्ष वेतनमान और रैंक के साथ विशेष कार्याधिकारी (OSD) नियुक्त किया है।
वह 30 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने वाली अंसुली आर्या के कार्यमुक्त होने के बाद अपना नया पदभार संभालेंगे। फिलहाल वी. के. कांथा राव जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग के सचिव हैं।
वहीं असम-मेघालय कैडर की 1995 बैच की आईएएस अधिकारी अर्चना वर्मा जिन्हें पहले राजभाषा विभाग में ओएसडी नियुक्त किया गया था। अब जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग की नई सचिव होंगी और वी. के. कांथा राव का स्थान लेंगी।
इसी क्रम में युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव पल्लवी जैन गोविल को कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं ओडिशा कैडर के 1995 बैच के आईएएस अधिकारी सुशील कुमार लोहानी को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
