Shahibabad Vidhansabha Chunav: पिछले तीन चुनावों में दो दिग्गजों के बीच ही हुआ मुख्य मुकाबला, एक ने हर बार बदली पार्टी, एक को इस बार हैट्रिक की उम्मीद
1 min read
Ghaziabad Assembly Seat: देश की राजधानी नई दिल्ली से सटी यूपी की साहिबाबाद विधानसभा सीट पहली बार साल 2012 में अस्तित्व में आई। इस चुनाव से पहले यह क्षेत्र गाजियाबाद विधानसभा सीट का हिस्सा होता था। गाजियाबाद जिले में आने वाली साहिबाबाद विधानसभा सीट पर अब तक तीन बार विधानसभा चुनाव हुआ है। इन चुनावों में पहले में बीएसपी प्रत्याशी जबकि बीते दो चुनावों में बीजेपी प्रत्याशी ने जीत दर्ज की।
उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक मतदाताओं वाली साहिबाबाद विधानसभा सीट पर साल 2012 में बसपा के अमरपाल शर्मा ने जीत दर्ज की थी। यहां साल 2017 और साल 2022 में बीजेपी के सुनील शर्मा रिकॉर्ड वोटों से जीते।
सुनील शर्मा साल 2007 में गाजियाबाद विधानसभा सीट से भी चुनाव जीत चुके हैं। सुनील शर्मा इस समय योगी सरकार में मंत्री हैं, अगर बीजेपी उन पर फिर दांव लगाती है तो उनकी नजर हैट्रिक जमाने पर रहेगी।
साहिबाबाद विधानसभा चुनाव परिणाम 2022
साल 2022 में इस सीट पर हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी के सुनील शर्मा ने समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़े अमरपाल शर्मा को बड़े मार्जिन से हराया। इस चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी को 3,22,882 वोट मिले जबकि अमरपाल शर्मा को महज 1,08,047 वोटों से संतोष करना पड़ा। इस चुनाव में साहिबाबाद विधानसभा सीट पर तीसरे नंबर पर बसपा के अजीत कुमार पाल (24136 वोट) रहे और कांग्रेस की संगीता त्यागी (10273 वोट) को चौथा स्थान मिला।
| क्रम | प्रत्याशी | पार्टी | वोट |
| 1 | सुनील शर्मा | बीजेपी | 3,22,882 |
| 2 | अमरपाल शर्मा | सपा | 1,08,047 |
| 3 | अजीत कुमार पाल | बसपा | 24,136 |
| 4 | संगीता त्यागी | कांग्रेस | 10,273 |
साहिबाबाद विधानसभा चुनाव परिणाम 2017
यूपी विधानसभा चुनाव 2017 में सपा और कांग्रेस का गठबंधन था। गठबंधन के तहत यह सीट कांग्रेस के हिस्से आई और कांग्रेस ने साहिबाबाद से अमरपाल शर्मा को प्रत्याशी बनाया। हालांकि जीत बीजेपी के सुनील शर्मा को हासिल हुई। सुनील शर्मा को चुनाव में 2,62,741 वोट मिले जबकि कांग्रेस के अमरपाल शर्मा को 1,12,056 वोट मिले। इस चुनाव में साहिबाबाद विधानसभा सीट पर तीसरे स्थान पर बसपा के जलालुद्दीन रहे, उन्हें 41,654 वोट मिले।
| क्रम | प्रत्याशी | पार्टी | वोट |
| 1 | सुनील शर्मा | बीजेपी | 2,62,741 |
| 2 | अमरपाल शर्मा | कांग्रेस | 1,12,056 |
| 3 | जलालुद्दीन | बसपा | 41,654 |
साहिबाबाद विधानसभा चुनाव परिणाम 2012
साहिबाबाद विधानसभा सीट पर साल 2012 में बसपा के टिकट पर चुनाव लड़े अमरपाल शर्मा ने जीत हासिल की। उन्हें 1,24,332 वोट मिले जबकि बीजेपी के सुनील शर्मा को 99,984 वोटों से संतोष करना पड़ा। यहां तीसरे स्थान पर कांग्रेस के सतीश चंद्र त्यागी (51,195 वोट) रहे और चौथे स्थान सपा के प्रल्हाद शर्मा (36,266 वोट) को मिला।
| क्रम | प्रत्याशी | पार्टी | वोट |
| 1 | अमरपाल शर्मा | बसपा | 1,124,332 |
| 2 | सुनील शर्मा | बीजेपी | 99,984 |
| 3 | सतीश चंद्र त्यागी | कांग्रेस | 51,195 |
| 4 | प्रल्हाद शर्मा | सपा | 36,266 |
साहिबाबाद विधानसभा सीट का सामाजिक समीकरण
साल 2022 में साहिबाबाद विधानसभा सीट पर कुल मतदाता दस लाख से ज्यादा थे। SIR के बाद यहां मतदाताओं की संख्या में कुछ कमी हो सकती है। यहां सबसे ज्यादा संख्या ब्राह्मण मतदाताओं की मानी जाती है जबकि पूर्वांचल से आकर यहां बसे लोग भी चुनावी हार-जीत में बड़ा फैक्टर हैं।
लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यहां करीब ढाई लाख ब्राह्मण मतदाता हैं। कुल मतदाताओं में से 40% पूर्वांचली हैं। इसके अलावा मुस्लिम, दलित और वैश्य मतदाताओं संख्या भी एक लाख से ज्यादा है। साहिबाबाद विधानसभा में करीब 75 हजार मतदाता क्षत्रिय वर्ग से हैं। साहिबाबाद में त्यागी, जाट, गुर्जर और यादव मतदाता भी हैं।
