‘जो कुर्सी कल जानी है, वह आज चली जाए…’, ऐसा क्यों बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ?
1 min read
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक बयान काफी सुर्खियों में है। इसमें सीएम योगी कहते हैं, “जो कुर्सी कल जानी है, वह आज चली जाए, मुझे इसकी चिंता नहीं है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए विजन और समय दोनों चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी की सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “2017 के पहले क्या सरकारें नहीं होती थीं, पिछले दिनों मुझे श्रवण धाम और शिव बाबा धाम में भी आने का अवसर प्राप्त हुआ था। तब क्यों नहीं आते थे क्योंकि 2017 के पहले मुख्यमंत्रियों को कहां फुर्सत थी। वो नोएडा नहीं जाते थे, लगता था कि कुर्सी खिसक जाएगी।”
जो कुर्सी कल जानी है, वो आज चली जाए- सीएम योगी
सीएम योगी ने आगे कहा, “2017 में जब मैं मुख्यमंत्री बना, मैंने खुद जब वहां का कार्यक्रम बनाया तो मुझे भी यह बताया जा रहा था कि वहां पर जाने से कुर्सी खिसकती है। हमने कहा जो कुर्सी कल जानी है, वो आज चली जाए। लेकिन जनता के लिए आए हैं, जनता की सुनवाई करेंगे। पहले के लोग डरते थे कि हम वहां पर इसलिए नहीं जाएंगे क्योंकि कुर्सी चली जाएगी, तो जनता ने कुर्सी हमेशा के लिए विदा भी कर दी।”
संभल में सपा के एक गुंडे ने दंगा कराने का प्रयास किया- सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा, “ये लोग 12 बजे सोकर उठने वाले लोग हैं, दो बजे पकवान तैयार होंगे, दो बजे तैयार होने के बाद उनके चच्चू उनको कुछ सिखाएंगे। फिर एक ट्वीट करेंगे और जिम चले जाएंगे। जिम से वापस आएंगे तब तक महफिल जम जाएगी। उनको फिर होश रहता ही नहीं है कि वो इस देश में हैं या फिर इस देश से बाहर कहीं और हैं। जिनसे खुद को नहीं संभाला जा रहा है, वो क्या खाक 25 करोड़ लोगों को संभालते। इसीलिए दंगे होते थे, इन दंगाइयों के सामने समाजवादी पार्टी की सरकार घुटने टेकती थी। आपने देखा होगा कि संभल में समाजवादी पार्टी के एक गुंडे ने दंगा कराने का प्रयास कर दिया, उसको घुटने में लाकर सरकार नाक रगड़वा रही है।”
सीएम योगी ने पीएम मोदी और नितिन नवीन से मुलाकात की
इसी बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद सीएम योगी ने सोशल मीडिया एक्स पर तस्वीरें साझा की। सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “‘नए भारत’ के स्वप्नद्रष्टा आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी से आज नई दिल्ली में आत्मीय भेंट की। आपका मार्गदर्शन मुझे सुशासन के पथ पर अविराम गतिशील रहने की प्रेरणा देता है। बहुमूल्य समय प्रदान करने के लिए हार्दिक आभार प्रधानमंत्री जी।”
अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ को बताया ‘प्रचारजीवी’, कहा- विज्ञापन पर करोड़ों खर्च करने के बाद भी बदनामी मिली
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले लगातार योगी आदित्यनाथ सरकार हमलावर हैं। एक तरफ विधानसभा में राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर समाजवादी पार्टी योगी सरकार को घेरने में लगी है तो वहीं अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर नया हमला बोला है। अखिलेश यादव ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में योगी आदित्यनाथ को ‘प्रचारजीवी’ बताया है। अखिलेश यादव ने इसके साथ एक न्यूज आर्टिकल का स्क्रीनशॉट शेयर किया है जिसमें बताया गया है कि यूपी की योगी सरकार ने 7 साल में मोदी सरकार से ज्यादा पैसा विज्ञापन पर खर्च कर दिया है।
