ड्यूटी के साथ तैयारी कर दरोगा बन गए 30 सिपाही, एक के सगे भाई ने भी पाई कामयाबी; SP ने दी बधाई
1 min read
उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा भर्ती परीक्षा का रिजल्ट निकलने के बाद एक से बढ़कर सक्सेस स्टोरीज सामने आ रही हैं। इस परीक्षा के जरिए अमेठी में तैनात यूपी पुलिस के 30 सिपाहियों का दरोगा के पद पर सलेक्शन हो गया है। उनकी दिन-रात की मेहनत रंग लाई है। इससे उनके साथी पुलिसकर्मियों का भी उत्साह बढ़ा है। वहीं वरिष्ठ अधिकारी भी सिपाहियों की इस मेहनत और उसके परिणाम से खुश हैं। एसपी सरवणन टी ने सलेक्शन पाने वाले सभी पुलिस कर्मियों को उनकी सफलता पर बधाई दी है।
वर्ष 2015 में आरक्षी के रूप में भर्ती हुए गंगादीन ने 11 वर्षों तक ड्यूटी के साथ लगातार पढ़ाई जारी रखी और आखिरकार दरोगा बनने का सपना साकार कर लिया। खास बात यह है कि बलिया में सिपाही के रूप में तैनात उनके सगे भाई महेंद्र का भी इसी परीक्षा में उपनिरीक्षक पद पर चयन हुआ है। इसके साथ ही आठ महिला पुलिसकर्मी भी चयनित हुई हैं। जो ड्यूटी के साथ ही परीक्षा की तैयारी करती रही। चयनित पुलिसकर्मियों ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, वरिष्ठ अधिकारियों के सहयोग और नियमित अध्ययन को दिया।
इनका हुआ चयन
जिले में चयनित पुलिसकर्मियों में गोपनीय शाखा के गंगादीन, पुलिस लाइन के सत्येंद्र कुमार, इन्हौना थाने के गोविंद यादव, विजय पाल, आकाश कुमार और शालिनी, बाजारशुकुल थाने के अभिषेक कुमार, मोहनगंज थाने के शिवकांत और आशीष सिंह, मुसाफिरखाना थाने की प्रियंका यादव, स्नेहा, शिवनाथ प्रसाद और शैलेश, मुंशीगंज की प्रभा और उमका देवी, भाले सुल्तान के अन्या पोरवाल और अविजीत यादव, पीपरपुर के कोमल पाल, सुशील कुमार, अतुल सिंह और धनराज निगम, रामगंज की प्रिन्सी देवी, संग्रामपुर के दीपेन्द्र सिंह और अभिजीत कटियार, जायस के मो. फारुख, जामो के अश्वनी कुमार, जगदीशपुर के विशाल गुप्ता, अमेठी के कुलदीप कुमार तथा गौरीगंज के अखिलेश यादव और गौरव कुमार शामिल हैं।
अमेठी के दो युवकों का भी चयन
अमेठी तहसील के सीतारामपुर बाहापुर निवासी आदर्श द्विवेदी पुत्र दिनेश कुमार द्विवेदी और हीरापुर निवासी विनय कुमार तिवारी पुत्र स्व. राजेश कुमार का चयन भी एसआई पद पर हुआ है। ये दोनों पर दूसरे जिले में सिपाही पद पर तैनात हैं।
एसपी ने दी बधाई
पुलिस अधीक्षक सवणन टी. ने उपनिरीक्षक पद पर चयनित सभी 30 पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर सफलता प्राप्त करना अनुकरणीय उपलब्धि है। यह सफलता पूरे पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय है और अन्य पुलिसकर्मियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
