दिल्ली से नोएडा एयरपोर्ट की राह होगी आसान, 45 मीटर चौड़ा नया एक्सप्रेसवे बनेगा
1 min read
ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर जाम खत्म करने के लिए यमुना पुस्ते पर नया एक्सप्रेसवे बनाया जाना प्रस्तावित है। इसके बनने से नोएडा एयरपोर्ट की राह आसान होने की उम्मीद है। उधर, सेक्टर-16ए फिल्म सिटी रास्ते पर जाम खत्म करने के लिए चिल्ला एलिवेटेड रोड का निर्माण चल रहा है।
नया एक्सप्रेसवे बनाने के लिए एनएचएआई जल्द डिटेल सर्वे रिपोर्ट सौंपेगा। इसके बाद प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। अधिकारियों का कहना है कि नोएडा से ग्रेनो को जोड़ने वाले रास्तों पर जाम में कमी लाने को कुछ और योजनाओं पर भी काम चल रहा है। अभी जाम की वजह से नोएडा से जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान नहीं है। ऐसा नहीं है कि आने वाले सालों में भी एयरपोर्ट तक पहुंचने में जाम बड़ी बाधा बना रहेगा। आने वाले कुछ सालों में जाम से राहत मिलेगी। जाम से बचाने के लिए एक बड़ी परियोजना का काम चल रहा है, जबकि दूसरी परियोजना फाइलों में धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है।
परी चौक से भी जोड़ा जाएगा
महामाया फ्लाईओवर से डेढ़ किलोमीटर दूरी पर यमुना पुस्ते से यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाया जाना प्रस्तावित है। इसको परी चौक से भी जोड़ा जाएगा। महामामाया फ्लाईओवर से पुस्ते तक भी छोटा एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा। इस एक्सप्रेसवे एलिवेटेड के बनने से दिल्ली से आकर जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान हो जाएगा। अभी इसका सर्वे चल रहा है। फिर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार होगी। इसको बनने में करीब पांच-सात साल का समय लगेगा। यह सड़क सेक्टर-94 से सेक्टर-150 तक बनेगी।
45 मीटर चौड़ी सड़क पर भी सफर आसान होगा
अधिकारियों ने बताया कि ग्रेनो एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड के बराबर 45 मीटर रोड को भी नोएडा-ग्रेनो के बीच जोड़ा जाएगा। अभी किसानों से जमीन नहीं मिल पाने की वजह से कई जगह सड़क अधूरी पड़ी है। पूरी सड़क बन जाने से नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे के समानांतर इस सड़क से भी लोग बिना जाम में फंसे आ-जा सकेंगे।
चिल्ला एलिवेटेड रोड अगले वर्ष तक तैयार होगा
चिल्ला बॉर्डर से महामाया फ्लाईओवर के बीच जाम खत्म करने के लिए चिल्ला एलिवेटेड रोड बनाने का काम चल रहा है। यह अगले साल दिसंबर 2027 तक बनकर तैयार हो जाएगा। दिल्ली के चिल्ला रेगुलेटर से नोएडा के महामाया फ्लाईओवर तक बनाया जा रहा है। इसको दिल्ली के मयूर विहार फ्लाईओवर, डीएनडी समेत कई जगह से जोड़ा जाएगा। इससे लोगों की राह आसान होगी।
