यूपी में एक और इलाके का नाम बदला, योगी का ऐलान, कहा- जो बोली से नहीं माना गोली से मान गया
1 min read
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर को करोड़ों की सौगात देते हुए बड़ा ऐलान किया। यहां के ऐतिहासिक कस्बे फाजिलनगर का नाम बदलकर अब पावागढ़ करने की घोषणा की। नाम बदलने का ऐलान करते हुए कहा कि यह क्षेत्र जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की पावन निर्वाण स्थली है। जब इस भूमि का संबंध भगवान महावीर से है, तो हम इसे फाजिलनगर क्यों कहेंगे? हम अपनी गौरवशाली विरासत और प्राचीन पहचान को वापस लाएंगे। फाजिलनगर का नाम बदलकर अब पावागढ़ किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस कदम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और जैन समुदाय की आस्था को वैश्विक पहचान मिलेगी।
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पिछली सरकारें बम और कट्टा बनाती थी। व्यापारियों को लूटने, बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाती थी। हमने इन शोहदों को ठीक किया है। जो ठीक नहीं हुआ है, बोली से नहीं माना है तो उसे गोली से मान गया है। आज देश की रक्षा के लिए ब्रह्मोस मिसाइल यूपी में बन रहा है। आज पाकिस्तान पर जब देश का जवान चढ़ाई करता है तो पाकिस्तान बचाओ-बचाओं की आवाज लगाता है।
मच्छर और माफिया दोनों को हमने किया साफ
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश में दो ही चीजों का आतंक था। एक मच्छर का और दूसरा माफिया का। मच्छर से होने वाली इंसेफेलाइटिस बीमारी के कारण मासूम बच्चे दम तोड़ देते थे और माफिया गरीब-किसानों की जमीनों पर कब्जा कर आतंक फैलाते थे।
हमारी सरकार ने बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देकर बीमारी को भी खत्म किया और कानून का डंडा चलाकर माफियाराज का भी पूरी तरह सफाया कर दिया। आज उत्तर प्रदेश में न तो बीमारी का खौफ है और न ही अपराधियों का।
सीएम योगी ने कहा कि भूख से मौत यहां की सच्चाई थी। नौ साल पहले गरीब यहां पर भूख से मरता था। नौजवान बेरोजगार घूम रहा था। किसान आत्महत्या कर रहा था। न स्वास्थ्य की सुविधा थी और न शिक्षा की व्यवस्था थी। यूपी के अंदर सुविधाएं नहीं थीं। यूपी के बाहर जाओ को पहचान का संकट था। कोई त्योहार आता था तो दंगे शुरू हो जाते थे। जो लोग न्याय मांगते थे उन्हें जेल भेज दिया जाता था। उस समय कोई सुनने वाला नहीं था। आज डबल इंजन की सरकार बिन रुके बिना झुके काम कर रही है।
