मेरठ से गाजियाबाद तक ‘आप’ की हुंकार, संजय सिंह ने शुरू की पदयात्रा, पेपर लीक और महंगाई पर केंद्र-यूपी सरकार को घेरा…
1 min read
आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार को क्रांति की धरती मेरठ के कमिश्नरी पार्क से ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा के पांचवें चरण का शुभारंभ किया। शहीदों को नमन करने और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद शुरू हुई इस पदयात्रा को मेरठ में जनता का अभूतपूर्व समर्थन मिला। 16 से 20 मई तक मेरठ से गाजियाबाद तक चलने वाली इस पदयात्रा की शुरुआत एक विशाल जनसभा से हुई, जहां जगह-जगह लोगों ने सांसद संजय सिंह का फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने करोड़ों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि नीट समेत अब तक 93 पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे करीब 4 करोड़ अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं और उनके परिवारों को जोड़ लें तो लगभग 20 करोड़ लोगों के सपनों पर भाजपा सरकार ने चोट पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा युवाओं के रोजगार, सरकारी नौकरियों, रेडी-पटरी वालों, ठेला चालकों, छोटे व्यापारियों और बुलडोजर की कार्रवाई से उजाड़े जा रहे लोगों की आवाज उठाने के लिए निकाली गई है।
संजय सिंह ने आशा बहुओं, शिक्षामित्रों, रोजगार सेवकों और बेरोजगार युवाओं से इस पदयात्रा से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि रोजगार की लड़ाई हर उस व्यक्ति की लड़ाई है जिसका हक छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज, काशी, अयोध्या, लखनऊ, मेरठ और गाजियाबाद समेत कई शहरों में हजारों छोटे व्यापारियों और गरीबों को उजाड़ा गया, लेकिन सरकार ने उनकी सुध नहीं ली।
सामाजिक न्याय के मुद्दे पर संजय सिंह ने कहा कि आज भी देश में जाति के आधार पर भेदभाव और दलित उत्पीड़न की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि कहीं दलितों को घोड़ी पर नहीं चढ़ने दिया जाता, तो कहीं मंदिर की सीढ़ियों पर अपमानित किया जाता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का संविधान हर नागरिक को सम्मान और बराबरी का अधिकार देता है और आम आदमी पार्टी इसी संवैधानिक अधिकार की लड़ाई लड़ रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से एक वर्ष तक सोना न खरीदने की अपील पर निशाना साधते हुए संजय सिंह ने कहा कि आज डेढ़ लाख रुपये तोला सोना हो चुका है और 80 करोड़ लोग पांच किलो राशन पर जीवन चला रहे हैं, ऐसे में आम आदमी सोना खरीदेगा कैसे। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा सोना प्रधानमंत्री मोदी के मित्रों के पास मिलेगा। नीरव मोदी और मेहुल चौकसी जैसे लोग हजारों करोड़ रुपये लेकर विदेश भाग गए, लेकिन सरकार ने उनके खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की।
महंगाई और पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर हमला बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर टैक्स के जरिए करीब 44 लाख करोड़ रुपये वसूले, जबकि तेल कंपनियों ने 3.5 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया। उन्होंने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 20 से 30 डॉलर प्रति बैरल था, तब भी जनता को महंगा पेट्रोल-डीजल बेचा गया और गोदी मीडिया ने कभी सवाल नहीं उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य एशिया में युद्ध शुरू होने के बाद अडानी समूह ने गैस के दाम तीन गुना तक बढ़ा दिए।
संजय सिंह ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का बहाना बनाकर जनता पर फिर बोझ डालने की तैयारी हो रही है, जबकि सरकार और कंपनियों को जनता को राहत देनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि पेट्रोल-डीजल पर टैक्स कम किया जाए, सब्सिडी दी जाए और महंगाई से राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि संकट के समय कंपनियों को भी कुछ घाटा सहना चाहिए, हर बार पूरा बोझ जनता पर नहीं डाला जा सकता।
