गांव-गांव जागरूक करेगी आयुष्मान प्रचार वाहिनी
1 min read
अपर निदेशक ने दिखाई हरी झंडी
देवरिया। जिले में पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। सोमवार को गोरखपुर मंडल के अपर निदेशक डॉ. जयंत कुमार ने सीएमओ कार्यालय परिसर से ई-एलईडी प्रचार वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अपर निदेशक ने बताया कि यह प्रचार वाहिनी जिले के गली-चौराहों से होते हुए गांव-गांव जाएगी और लोगों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए जागरूक करेगी। उन्होंने सीएचओ, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शिविर लगाकर पात्र लोगों के कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें।
सीएमओ डॉ. अनिल गुप्ता ने बताया कि जिले में अब तक करीब आठ लाख लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जबकि छह लाख से अधिक पात्र लोगों के कार्ड बनना अभी शेष है। इन तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए ही प्रचार वाहनों की शुरुआत की गई है।
आयुष्मान योजना के नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डॉ. अश्वनी पाण्डेय ने बताया कि पात्र लाभार्थियों के कार्ड पूरी तरह निःशुल्क बनाए जा रहे हैं और इसके लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना है। जिन लोगों के कार्ड नहीं बने हैं, वे टोल फ्री नंबर 14555 या 180011565 पर अथवा आयुष्मान भारत की वेबसाइट पर अपनी पात्रता की जांच कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाता है। इसके लिए आयुष्मान गोल्डन कार्ड अनिवार्य है, जिसके माध्यम से देश के किसी भी पैनल अस्पताल में निःशुल्क उपचार कराया जा सकता है।
कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. एसके सिन्हा, डिप्टी सीएमओ डॉ. आरपी यादव, डॉ. विपिन रंजन, डीएमओ सीपी मिश्रा, डॉ. राकेश पाण्डेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
