दिव्यांगजनो को 98 सहायक उपकरण वितरित, 17-18 मार्च को पुनः लगेगा शिविर
1 min read देवरिया। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला प्रशासन तथा चन्द्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज, देवगांव गौरीबाजार के संयुक्त तत्वावधान में जयपुर की संस्था के सहयोग से दिव्यांगजन एवं वृद्धजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में कुल 98 उपकरण वितरित किए गए, जिनमें ट्राईसाइकिल, बैसाखी, छड़ी, वॉकिंग स्टिक तथा कृत्रिम हाथ-पैर आदि शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि धनेन्द्र प्रताप सिंह, जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि मनोज सिंह, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश भोपाल मध्य प्रदेश तथा अतिथि शैलजा मिश्रा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, प्रियंका चौधरी जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी गौरीबाजार मौजूद रहे।
उन्होंने यह भी बताया कि दिव्यांगजन एवं वृद्धजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए 17 व 18 मार्च को चन्द्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज, देवगांव गौरीबाजार में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में ट्राईसाइकिल, बैसाखी, छड़ी, वॉकिंग स्टिक तथा कृत्रिम हाथ-पैर जैसे उपकरणों के लिए पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन एवं वितरण किया जाएगा। जिन लोगों के हाथ या पैर कटे हैं, उनके लिए मौके पर ही कृत्रिम अंग लगाने की व्यवस्था भी रहेगी। उन्होंने जनपद के अधिक से अधिक दिव्यांगजन एवं वृद्धजनों से शिविर में उपस्थित होकर योजना का लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
