Prakash veg

Latest news uttar pradesh

लखनऊ चिड़ियाघर का 105वां स्थापना दिवस, बच्चों ने काटा केक

लखनऊ। प्राणि उद्यान, लखनऊ का 105वां स्थापना दिवस रविवार को धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्राणि उद्यान परिसर स्थित सारस प्रेक्षागृह में विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्राणि उद्यान के निदेशक संजय कुमार विश्नोई उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में वन्यजीव प्रतिपालक, उत्तर प्रदेश लखनऊ के केएन सुधीर सहित वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा पक्षियों को उनके प्राकृतिक स्वरूप वाले बाड़े में विमुक्त कर किया गया। इसके बाद बच्चों ने मुख्य अतिथियों के साथ केक काटकर चिड़ियाघर का स्थापना दिवस मनाया।

इस मौके पर क्षेत्रीय वन अधिकारी मुकेश चन्द्र काण्डपाल ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि चिड़ियाघर के 105वें स्थापना दिवस समारोह में गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति सभी के लिए गौरव की बात है।

कार्यक्रम में डॉ. अशोक कश्यप ने वन्यजीवों के संरक्षण और उनके व्यवहार के बारे में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि वन्यजीवों का भावनात्मक पक्ष भी होता है और उनके संरक्षण के लिए संवेदनशीलता बेहद जरूरी है।

मुख्य अतिथि संजय कुमार विश्नोई ने कहा कि नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान प्रदेश के प्रतिष्ठित चिड़ियाघरों में से एक है। यह न केवल वन्यजीव संरक्षण का केंद्र है, बल्कि बच्चों और आम लोगों के लिए शिक्षा एवं मनोरंजन का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने चिड़ियाघर के विकास में योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की।

स्थापना दिवस  पर आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। साथ ही प्राणि उद्यान में कार्यरत कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि ने सभी गणमान्य अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

0Shares