Prakash veg

Latest news uttar pradesh

सपा-बसपा ने जितना जॉब दिया, उससे दोगुनी नौकरी बीजेपी ने अकेले बांट दी; नियुक्ति पत्र वितरण में बोले योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा और बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों पार्टियों ने अपने पूरे कार्यकाल में जितनी नौकरियां नहीं दीं, उससे दोगुने नियुक्ति पत्र उन्होंने अकेले बांट दिए हैं। उन्होंने कहा कि 1947 से लंबे समय तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार रही। इसके बाद सपा और बसपा ने सात बार सरकार बनाई, लेकिन इन सभी के कार्यकाल में कुल जितने नियुक्ति पत्र नहीं बांटे गए, उससे दोगुने उन्होंने दिए हैं। सीएम योगी ने कहा कि अगले सप्ताह आठ हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और दो हजार शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उनकी सरकार की रफ्तार और नियुक्तियों की संख्या को ‘सैफई सिंडिकेट’ पचा नहीं पाएगा, क्योंकि वहां नोट गिनने के अलावा कोई काम नहीं है।

उन्होंने सपा के 30 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी देने के वादे पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब वे सत्ता में थे, तब उन्होंने क्या किया, यह भी बताना चाहिए।मुख्यमंत्री शुक्रवार को लखनऊ में 1,594 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित कर रहे थे। इन युवाओं को आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय में तैनाती मिलेगी। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित युवाओं में 201 ऑडिटर और 1,393 असिस्टेंट अकाउंटेंट शामिल हैं। वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गोंडा में चार जिलों के 46,800 विद्यार्थियों को टैबलेट भी वितरित करेंगे।

उन्होंने कहा कि आज नौजवान पूछता है कि जब आप सरकार में थे, तब क्या किया था? अब क्या करोगे? मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य माना जाता था। युवा पलायन करते थे, किसान आत्महत्या करते थे और बेटियां भी सुरक्षित नहीं थीं। सीएम योगी ने सपा की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले प्रदेश में भर्ती और विकास पर परिवारवाद तथा भ्रष्टाचार हावी था।

उन्होंने आरोप लगाया कि चाचा-भतीजे की जोड़ी भ्रष्टाचार में लिप्त रहती थी और सरकारी नौकरियों से लेकर विकास योजनाओं तक में जनता के हितों की अनदेखी होती थी। पहले सैफई नौकरी खा जाता था, जबकि आज पारदर्शी व्यवस्था में योग्य युवाओं को बिना भेदभाव नौकरी मिल रही है। सीएम ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी चरम पर थी। कानून-व्यवस्था की स्थिति ऐसी थी कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन गुंडा’ का माहौल बन गया था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘देख सपाई बिटिया घबराई।’ योगी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के पास विकास का कोई विजन नहीं था। विकास के लिए आने वाला पैसा चाचा-भतीजे की जोड़ी लूट लेती थी।

0Shares