मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संविधान गौरव दिवस के मौके पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग लाल किताब लेकर संविधान के नाम पर भ्रम फैलाने और जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। यदि इन लोगों ने संविधान की प्रति पढ़ी होती तो देश की संप्रभुता का संरक्षक होने का दावा करने का दुस्साहस नहीं करते। ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि देश के आम नागरिक में निहित है। मुख्यमंत्री गुरुवार को लोकभवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संविधान 145 करोड़ भारतवासियों का गौरव और मार्गदर्शक है। यह हमें अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। हर भारतीय देश का वास्तविक संरक्षक है। कोई व्यक्ति या परिवार यह दावा नहीं कर सकता कि उसके कारण भारत का अस्तित्व है या वही देश का संरक्षक है।
योगी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि आज कुछ लोग लाल पुस्तिका लेकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। जब इन्हें अवसर मिला था, तब इन्होंने संविधान का गला घोंटने का प्रयास किया। आजादी के तत्काल बाद पहला संविधान संशोधन प्रेस की आजादी को बंधक बनाने के लिए किया गया। समय-समय पर अपने स्वार्थ के लिए संविधान में संशोधन किए गए। इन लोगों ने संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र को भी कठघरे में खड़ा करने का प्रयास किया। ऐसे प्रयासों से देश को बचाना सभी की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3,955 स्थलों के सौंदर्यीकरण और साफ-सफाई कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 4,030 स्थल चिह्नित किए गए हैं। निर्धारित समयसीमा में इनका विकास कराया जाएगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि कानून का राज ही विकास की गारंटी है। 2017 से पहले प्रदेश में अपराध, माफिया, पेपर लीक, भ्रष्टाचार और पलायन की समस्याएं थीं। आज सरकार संविधान के आदर्शों के अनुरूप अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रही है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई मंत्री व अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संविधान आधारित प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित भी किया।

More Stories
जाति जनगणना, 40 हजार पेंशन और फ्री लैपटॉप, कैसा होगा सपा का घोषणापत्र; ऐलान आज
आउटसोर्स कर्मचारियों को कम से कम 20 हजार वेतन, योगी के ऐलान के बाद नगर निगम भी एक्टिव
‘ओबीसी आरक्षण में कटौती कर मुस्लिमों को देना चाहता है सबसे बड़ा विपक्षी दल’, संविधान दिवस पर पीएम मोदी का निशाना