Prakash veg

Latest news uttar pradesh

रविदास गुरुघर विवाद पर मायावती का BJP-AAP पर हमला, बोलीं- समाज को गुमराह करने की कोशिश हो रही

1 min read

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने संतगुरु श्री रविदास जी के गुरुघर विवाद को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी (AAP) पर निशाना साधा है। मायावती ने रविवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर चार बिंदुओं में अपनी बात रखते हुए तुगलकाबाद से धलेता गांव तक के विवाद का जिक्र किया।

मायावती ने कहा कि 10 अगस्त 2019 को दिल्ली के तुगलकाबाद में संतगुरु रविदास जी के पवित्र गुरुघर को बुलडोजर और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में गिराया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि जब देशभर की संगत लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर उतरी तो उन्हें लाठीचार्ज, आंसू गैस, गिरफ्तारी और मुकदमों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि गुरुघर की जमीन भी छीन ली गई और आज भी श्रद्धालुओं को अस्थायी टीन शेड में गुरुजी को माथा टेकना पड़ रहा है। मायावती ने इसे करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया।

पंजाब चुनाव से पहले BJP पर साधा निशाना

मायावती ने आरोप लगाया कि पंजाब चुनाव नजदीक आते ही भाजपा संतगुरु रविदास जी के नाम पर कलश यात्रा निकाल रही है और समाज को गुरुजी के बेगमपुरा शहर के लक्ष्य से भटकाने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने धलेता गांव में गुरुघर की दीवार गिराए जाने के मामले का भी जिक्र किया। मायावती ने कहा कि जब संगत और बसपा ने आवाज उठाई तो गिरफ्तारियां की गईं, जिसके बाद आम आदमी पार्टी की सरकार को झुकना पड़ा और गुरुघर का पुनर्निर्माण कराना पड़ा।

समाज से सतर्क रहने की अपील

मायावती ने समाज से भाजपा और आम आदमी पार्टी की राजनीति से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने लोगों से ‘पराधीनता का अंत एवं बेगमपुरा का संकल्प’ संतगुरु श्री रविदास जी सम्मान यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से गुरुजी के बेगमपुरा के आदर्श, सम्मान, समानता और न्याय के संदेश को लोगों तक पहुंचाया जाए।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published.

https://slotbet.online/