अविमुक्तेश्वरानंद के बाद आशुतोष ब्रह्मचारी के निशाने पर अब कौन? रामभद्राचार्य बोले- मैं कांप रहा
1 min read
पिछले दिनों शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर बटुकों के साथ यौन शोषण का आरोप लगा सुर्खियों में आए आशुतोष ब्रह्मचारी फिर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने जगद्गुरु रामभद्राचार्य की सुरक्षा को लेकर गंभीर आंशका जताते हुए रामभद्राचार्य के उत्तराधिकारी पर ही कई गंभीर आरोप लगा दिए हैं। इसके जवाब में सोमवार को जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने एक वीडियो जारी कर कहा कि आशुतोष ब्रह्मचारी ने जो कहा उससे मुझे यह आशंका हो गई है कि वह मेरी और मेरे उत्तराधिकारी की छवि खराब करना चाहता है। वह साजिश रच रहा है। मुझे इसका आपराधिक इतिहास जानकर डर लगने लगा है, मैं कांप रहा हूं।
बता दें कि आशुतोष ब्रह्मचारी जगद्गुरु रामभद्राचार्य के शिष्य बताए जाते हैं। आशुतोष श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट के अध्यक्ष भी हैं और मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आशुतोष ब्रह्मचारी ने एक वीडियो जारी कर अपने गुरु जगदगुरु रामभद्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था- ‘आज मैं प्रशासन से और माननीय प्रधानमंत्री और माननीय मुख्यमंत्री से भी मांग करता हूं और कहना चाहता हूं, यदि मेरे पूज्य गुरुदेव जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज की हत्या होती है या कोई भी उनके साथ अप्रिय घटना होती है। उसकी जिम्मेदारी रामचंद्र दास की होगी। जो उनका उत्तराधिकारी बना बैठा है। क्योंकि यह मेरे गुरु की हत्या कराना चाहता है। मेरे पास पर्याप्त सबूत है। ऐसे सबूत हैं कि यदि उसकी जांच हो जाए तो यह साबित हो जाएगा गुरु की हत्या कराना चाहता है।’
आशुतोष ब्रह्मचारी का यह बयान सामने आने के बाद जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने भी एक वीडियो जारी किया। उन्होंने आशुतोष ब्रह्मचारी पर अपनी और अपने उत्तराधिकारी की छवि खराब करने का आरोप लगाया। जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने कहा कि वह मेरे और मेरे उत्तराधिकारी की छवि नष्ट कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज मेरे मन को बहुत आघात लगा है। मैं देश-विदेशों में कथा करता हूं। प्रयास करता हूं कि आचार्य धर्म निभाता रहूं। आशुतोष ब्रह्मचारी ने जो कहा उससे मुझे आशंका हो गई है कि यह कोई साजिश तो नहीं कर रहा है? मेरे और मेरे उत्तराधिकारी की छवि नष्ट करने के लिए।
