Ranji Trophy Final Live Score: शुरुआती 4 झटकों के बाद मयंक-श्रेयस ने कर्नाटक को संभाला, की अर्धशतकीय साझेदारी
1 min read
कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर के बीच रणजी ट्रॉफी 2025-26 का फाइनल केएससीए हुबली क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी जम्मू-कश्मीर की टीम ने कर्नाटक के गेंदबाजों को खूब परेशान किया। दो दिन से अधिक बल्लेबाजी करने के बाद जम्मू-कश्मीर की टीम आखिरकार 584 रनों पर सिमट गई है। इस मैच के दूसरे सत्र तक कर्नाटक ने 32.4 ओवरों में 4 विकेट खोकर 110 रन बना लिए हैं और वह पहली पारी के आधार पर अभी भी 474 रनों से पीछे है। सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल 66 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं और उन्होंने श्रेयस गोपाल (13 रन) के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 53 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर ली है। कर्नाटक की शुरुआत काफी खराब रही थी और उसने मात्र 57 रनों पर ही अपने 4 शीर्ष विकेट गंवा दिए थे, लेकिन फिलहाल मयंक और गोपाल की जोड़ी टीम को संकट से उबारने का प्रयास कर रही है। जम्मू-कश्मीर के लिए शुभम पुंडीर ने शतक जड़ 121 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं उनके अलावा 5 बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़े। कर्नाटक के लिए सबसे सफल गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा रहे, जिन्होंने 5 विकेट हॉल लिया।
जम्मू-कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी फाइनल के दूसरे दिन खराब रोशनी के कारण खेल जल्दी खत्म होने से पहले आठ बार की चैंपियन कर्नाटक के खिलाफ पहली पारी में छह विकेट पर 527 रन बना लिए। जम्मू-कश्मीर ने सुबह दो विकेट पर 284 रन से आगे खेलते हुए अच्छी पिच का फायदा उठाया जिसमें कन्हैया वधावन और कप्तान पारस डोगरा ने 70-70 रन बनाए। शुभम पुंडीर ने 121 रन बनाकर पहले ही लय बना दी थी जबकि यावर हसन (88) और अब्दुल समद (61) ने अर्धशतक बनाए। साहिल लोत्रा ने सातवें नंबर पर नाबाद 57 रन बनाकर 50 रन का आंकड़ा पार करने वाले छठे बल्लेबाज बने। उनके साथ आबिद मुश्ताक 20 रन बनाकर खेल रहे हैं। कर्नाटक के लिए तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने 90 रन देकर तीन विकेट लिए।
